विधायक बोले-जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से करेंगे बात
भाजपा कार्यकर्ता हत्या के बाद शव फेंकने का जता रहे संदेह


बलरामपुर पुलिस के अधिकारी दुर्घटना में मौत की कह रहे बात

गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। उत्तरप्रदेश के युवा भाजपा नेता का शव छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सनावल क्षेत्र में खेत में संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। दुद्धी विधायक, मृतक के स्वजन व क्षेत्र के ग्रामीण भाजपा नेता की हत्या कर शव फेंकने का संदेह जता रहे हैं और हत्या में शामिल लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग बलरामपुर पुलिस से की है। क्षेत्र के विधायक ने बलरामपुर एसपी से इस संबंध में बात की है, उन्होंने कहा जरूरत पड़ी तो वे छत्तीसगढ़ के सीएम से भी बात करेंगे। इधर बलरामपुर पुलिस इसे दुर्घटना बता रही है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के म्योरपुर ब्लॉक अंतर्गत अहिरबुड़वा ग्राम पंचायत निवासी कपिलदेव यादव युवा भाजपा नेता थे। उनका शव मंगलवार की रात बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदरु में खेत में पड़ा हुआ मिला था। संदिग्ध हाल में मिले शव को लेकर स्वजनों एवं ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई थी। मृतक के भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते दुद्धी विधायक रामदुलार सिंह गोंड़ ने शनिवार को मृतक के घर पहुंच सांत्वना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनसे जो भी प्रयास होगा, करेंगे। स्वजनों से कहा कि न्याय अवश्य मिलेगा, हत्या हुई है तो हत्यारोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने घटनास्थल का भी जायजा लिया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बलरामपुर पुलिस अधीक्षक से भी वास्तविक घटनाक्रम के पर्दाफास की मांग की। उन्होंने कहा युवक की हत्या की गई है, जो भी परिस्थिति ग्रामीण व स्वजनों के द्वारा सामने लाया जा रहा है, उसके हर पहलू की जांच होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते मृतक से सभी की सहानुभूति है। इससे पूर्व पीपल चबूतरा के पास विधायक के साथ ग्रामीणों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रख शोक व्यक्त किया।
विधायक के साथ भाजपा जिलामंत्री जीत सिंह खरवार, सोनाबच्चा अग्रहरि, मण्डल अध्यक्ष मोहरलाल खरवार, सुजीत सिंह, मंडल उपाध्यक्ष अमरकेश सिंह, विंढमगंज मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी, पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र अग्रहरी, राजेश यादव, ग्राम प्रधान सत्यनारायण, गोपाल, विजय यादव, नरेश यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
एसडीओपी ने कहा-
वाड्रफनगर एसडीओपी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक भाजपा नेता कपिल देव यादव की दुर्घटना में मौत होना प्रतीत होता है। बावजूद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर मामले का पर्दाफास करने का प्रयास करेगी।

Categorized in: