गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज चांदनी चौक में रोज वैली चिटफंड कंपनी के नाम से वर्ष 2015 में कार्यालय खोलकर करोड़ों रुपये की चपत लगाने वाले कंपनी के डायरेक्टर को पुलिस गिरफ्तार की है। कंपनी के कर्ताधर्ता बलरामपुर जिले के आसपास के कई गांव के भोले-भाले ग्रामीणों को रकम दोगुना करने का झांसा देने करोड़ों रुपये निवेश कराए, बाद में कंपनी का कार्यालय बंद कर संचालनकर्ता फरार हो गऐ थे।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मोहित गर्ग ने टीम गठित कर आरोपितों की पतासाजी करने के निर्देश दिए थे। मुनेश्वर कच्छप निवासी बरवाही रंका ने लिखित में इसकी शिकायत रामानुजगंज थाने में की थी, जिस पर पुलिस ने अपराध कायम कर जांच में लिया था। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पश्चिम बंगाल, कोलकाता रवाना किया था। इसी क्रम में रामानुजगंज पुलिस ने तीन मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम कुंडू, शिवमय दत्त, अशोक शाह को सीबीआई कोर्ट कोलकाता से वीडियो कॉन्फ्रेंस कर वर्चुअल रिमांड में लिया था। पुलिस को डायरेक्टर अबीर कुंडू की तलाश थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित अबीर कुुंडू जिला जेल जगदलपुर में बंद था, जिसे रामानुजगंज पुलिस ने प्रोटक्शन वारंट पर लाया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस निवेशकों का पैसा वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस टीम में निरीक्षक संतलाल आयाम, उपनिरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक रवि मिश्रा, मायापति सिंह, आरक्षक पंकज सिदार शामिल थे।

Categorized in: