पत्रकारों से चर्चा दौरान कहा-छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे

अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा नया दायित्व सौंपने के बाद संभागीय प्रवास पर निकले नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भाजपा कार्यालय, संकल्प भवन में पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है। उन्होंने कहा कि हमारा मिशन 2023 छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाना है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश सरकार के पौने 4 साल बीत गए लेकिन अभी तक इनका कोई विजन नहीं है। सरकार की नीति और नीयत ठीक नहीं है, दशा-दिशा दोनों खराब है। झूठ के पुलिंदे पर टिकी सरकार के नींव में ही झूठ है। उन्होंने कहा चुनाव के समय जन-घोषणा पत्र जारी किया गया, जिसके संयोजक टीएस सिंहदेव थे। 36 बिंदुओं में जनता से किए गए प्रमुख वायदे अभी तक पूरा नहीं किए गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा सरकार बनने पर पूर्ण शराबबंदी की कसम गंगाजल लेकर इन्होंने खाई थी। दस लाख बेरोजगारों को रोजगार देने, 25 सौ रुपये बेरोजगारी भत्ता देने कहा। कर्मचारियों का नियमितीकरण करने की बात कही। देखने को यह मिला प्रदेश में पहली बार साढ़े चार लाख कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल पर रहे। जज-कलेक्टर के ड्राइवर से लेकर चपरासी तक हड़ताल पर रहे। आम आदमी दफ्तर का चक्कर काटकर वापस लौटते रह गया। कर्मचारियों ने पूर्व में अल्टीमेटम देकर हड़ताल किया था, बीते शुक्रवार को हड़ताल समाप्ति का समाचार आ गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा हड़ताल दबावपूर्वक समाप्त कराया गया, हड़तालियों को सरकार टार्चर कर रहे थे। झूठे मुकदमे दर्ज कराने जैसी दमनकारी नीति अपनाई गई, जिससे अघोषित आपातकाल की स्थिति बन गई। प्रदेश सरकार की आर्थिक स्थिति पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार कंगाली के कगार पर है, 51 हजार करोड़ रुपये कर्जा लेने के बाद उसका ब्याज पटाने के लिए और कर्जा ले रही है। भाजपा सरकार के समय की अधिकांश योजना बंद हैं। बुजुर्गों के लिए डॉ.रमन सरकार की तीर्थयात्रा योजना को भी बंद कर दिया गया। समाज के सबसे पिछड़े व्यक्ति का छत छीन लिया, इस पर मोहर भूपेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री राजा साहब ने लगाकर इस्तीफा दिया है। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, आलोक दुबे, मधुसूदन शुक्ला, संतोष दास, रूपेश दुबे सहित पार्टी के अन्य लोग मौजूद रहे।

माफियाओं का गढ़ बना छत्तीसगढ़

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि बलरामपुर जिले में रेत माफिया रात-दिन जेसीबी से नदी को चीर रेत उत्खनन करने में लगे हैं। शासन के संरक्षण में जीवनदायिनी नदी में ऐसे ही उत्खनन का कार्य चलते रहा तो नदी का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। नदियों के ऊपर बनी पुल-पुलिया कमजोर होकर क्षतिग्रस्त होते चले जाएंगे। उन्होंने कहा भूपेश सरकार के कार्यकाल में जमीन, कोल, रेत माफिया पनप रहे हैं, नए तरह के अपराधों का गढ़ छत्तीसगढ़ बन गया है। तीन साल में प्रदेश में तीन लाख से अधिक अपराधिक मामले पंजीकृत किए गए हैं। हर रोज तीन दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ अपराध के मामले में आगे, विकास के मामले में पीछे है।

तरूणाई की अंगड़ाई से हिला शासन

नेता प्रतिपक्ष ने कहा बीते 24 अगस्त को भाजयुमो की अगुवाई में बड़ी संख्या में बेरोजगारी को लेकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने कार्यकर्ता निकले, जिससे शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया। तरूणाई की अंगड़ाई मात्र से शासन हिल गया। भाजपा के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आगामी नौ सितंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आएंगे। वे प्रदेश के 50 हजार बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में उनसे सीधे संवाद करेंगे।

1.6 अरब की योजना का सही क्रियान्वयन नहीं

नारायण चंदेल ने कहा सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में विकास शून्य है। भाजपा के समय में एक अरब छह करोड़ की अमृत मिशन जल आवर्धन योजना लाई गई थी, इसका कार्य 2019 में पूरा होना था। इसका काम डीपीआर के अनुरूप नहीं हुआ, पाइप लाइन तक नहीं बदला गया। इस पाइप लाइन से 24 घंटे पानी की सप्लाई देनी थी परंतु कांग्रेस सरकार इस योजना को सही तरीके से क्रियान्वित नहीं कर पाई। शहर के कई जगहों पर अभी भी लोग गंदा पानी पीने मजबूर हैं। सारे पैसे खर्च हो गए लेकिन स्थित पूर्ववत है।

संदिग्ध मौत का पर्दाफास जरूरी

विस में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंत्री टीएस सिंहदेव के रिश्तेदार वीरभद्र सिंह की ट्रेन से गिरकर संदिग्ध मौत हुई, स्वजनों ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान आया कि परिवार वाले चाहेेंगे तो वे जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि टीम गठित कर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। इसका पर्दाफास होना जरूरी है ताकि अपराधी सामने आए और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।

Categorized in: