अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दो दिवसीय दौरे ने सरगुजा जिला प्रशासन में दोगुना जोश भर दिया है, यही कारण है कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद भी सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा एवं जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह लगातार गोठान निरीक्षण कर रहे हैं। गुरूवार को कलेक्टर एवं सीईओ ने सुखरी और रनपुरकला के गोठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने गोठान में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर समूह की महिलाओं को आय बढ़ाने गोठान में बाड़ी विकास पर बल दिया ताकि उनके दैनिक आय का वह हिस्सा बन सके।
कलेक्टर ने कहा कि गोठान में योजनाबद्ध तरीके से बाड़ी विकास का कार्य करें। बाड़ी में ज्यादा आय देने वाली सब्जी की खेती करें। गोठान से प्रतिदिन सब्जी का उत्पादन हो, जिससे महिलाओं को हर दिन आय प्राप्त हो सके। उन्होंने सुखरी गोठान में कृषक स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा 581.56 क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है, साथ ही 185.50 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार किया गया है, जिससे उनके स्वयं सहायता समूह को 77 हजार 822 रुपये की आमदनी हुई है। रनपुरकला गोठान में दो महिला स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं जिसमें एक गौ माता स्वयं सहायता समूह और दूसरी तार स्वयं सहायता समूह की कुल 20 महिलाएं हंै जिनके द्वारा 1450.51 क्विंटल गोबर की खरीदी की गई, साथ ही 1080.60 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया गया, जिससे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2340.43 रुपये की आमदनी हुई है, कलेक्टर ने गोठान में मशरूम उत्पादन, मुर्गीपालन, लेयर बर्ड, बटेर पालन के लिए छायादार स्थान पर ले आउट बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोठान के चारों ओर नींबू, करौंदा और बांस के पौधे लगवाएं। बाड़ी विकास के तहत अन्य सब्जियों के साथ प्याज, लहसुन की खेती करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने गोठान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सरपंच को गांव के मवेशियों को गोठान में लाने तथा गोबर का विक्रय करने के लिए पशु पालकों को प्रोत्साहित करने कहा। निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ सुरेश्वर तिवारी सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

Categorized in: