अंबिकापुर। अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय में नर्सों ने फ्लोरेंस नाइटिंगल के फोटो पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर उनके सेवा और समर्पण भाव को स्मरण किया गया और केक काटा गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पीएस सिसोदिया, मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ.रमनेश मूर्ति, संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक डॉ.लखन सिंह ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवीनतम चुनौतियों से निपटने के लिए राज्य सरकार के द्वारा किए जा रहे प्रयास व अस्पताल में पहुंचने और भर्ती होने वाले मरीजों के बीच नर्स की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नर्सें भर्ती मरीजों की सेवा के साथ पल-पल की रिपोर्टिंग इंद्राज करती हैं, जिससे राउंड में पहुंचने वाले चिकित्सक को पता चलता है कि मरीज की पूर्व और वर्तमान की स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग में अध्ययनरत विद्यार्थी आगे चलकर मरीजों के बीच समर्पित भाव से सेवा देंगे यही अपेक्षा है। मरीजों के बीच नर्स के ध्येय को पूरा करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान अस्पताल की सलाहकार प्रियंका कुरील, नर्सिंग अधीक्षक, डाइटीशियन सुमन सिंह सहित सभी नर्सिंग स्टॉफ उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं का आयोजन-
अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के मौके पर अस्पताल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग स्टॉफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नर्सिंग स्टॉफ के लिए मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता के अलावा वन मिनट गेम, सोलो डांस, गाने जैसे आयोजन किए गए।
सेवानिवृत्त नर्स को विदाई-
नर्सेस दिवस को लेकर किए गए आयोजन के बीच अस्पताल में लंबे समय तक सेवा दी एक नर्स को सेवानिवृत्ति के मौके पर विदाई दी गई। मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ.रमनेश मूर्ति, सीएमएचओ डॉ.सिसोदिया, अधीक्षक डॉ.लखन सिंह ने सिस्टर फिलिप के स्वस्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना की।

Categorized in: