अंबिकापुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी उस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होना है।ऐसे में सीएम बघेल अपना सरगुजा दौरा बीच में ही छोड़कर रायपुर लौट गए हैं। सोमवार को सीएम को अंबिकापुर में समीक्षा बैठक करनी थी, लेकिन सूरजपुर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद ही वे लौट गए। मुख्यमंत्री रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से वे सीधे छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे और शाम को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से 13, 14, 15 मई को राजस्थान के उदयपुर में आयोजित चिंतन शिविर के एजेंडे पर चर्चा होनी है। इस शिविर में 2023 में होने जा रहे छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। इस लिहाज से छत्तीसगढ़ की भावी राजनीति के लिए भी यह बैठक महत्वपूर्ण है। चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को शामिल होंगे।

Categorized in: