पिछले 02 साल से दे रहे थे वारदात को अंजाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में प्रतापगढ़ और रीवा से आरोपितों को गिरफ्तार की पुलिस
सोना-चांदी, नगद मिलाकर लगभग 30 लाख का सामान जप्त


अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने सदर कोतवाली व गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछले दो वर्ष में हुई 40 से अधिक चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए दो चोरों और एक आभूषण के कारोबारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। आरोपित चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद रकम व जेवरातों का बंटवारा करते और अपने-अपने रास्ते निकल लेते थे। जेवरातों के तौल के लिए इन्होंने बकायदा तौल मशीन रखा था, जो आभूषण निर्माता व विक्रेता अपने पास रखते हैं। इनके द्वारा सर्वाधिक चोरी की घटनाओं को गांधीनगर थाना क्षेत्र में अंजाम दिया गया है। पुलिस ने इनके पास से साढ़े चार लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले ने बताया सिर्फ दो लोगों ने मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इनकी खासियत यह थी कि वे चोरी की घटना को ऐसे घर में अंजाम देते थे, जिस घर में बाउंड्री हो, ताकि सामने ताला बंद रहे और किसी को चोरी की भनक न लगने पाए। चोरी के जेवरातों को वे रीवां के आभूषण निर्माता, विक्रेता के पास खपाते थे। पुलिस ने सफल कार्रवाई में शामिल टीम को 30 हजार रुपये नगद ईनाम देने की घोषणा की है।


अंबिकापुर सहित जिले में सिलसिलेवार हो रही चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने और चोरों को गिरफ्तारी हेतु प्रयास किया जा रहा था। शहर में हो रही चोरी की घटनाओं को रोकने एवं आरोपितों को पकड़ने सरगुजा पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही थी। चोरों को पकड़ने के लिए साइबर सेल के अतिरिक्त पुलिस द्वारा सभी तकनीक का सहारा लिया जा रहा था। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश के बाबू उर्फ राज खान अपने साथी पिंटू पांडेय निवासी बाबुपारा, पूर्व निवास जिला रीवा मध्य प्रदेश के साथ दो वर्षों से सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में विशेष टीम जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां से आरोपित बाबू खान उर्फ राज एवं पिंटू पांडेय को पकड़ने में सफलता मिली। दोनों आरोपितों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों में तकिया रोड, केनाबांध बौरीपारा, घुटरापारा, गोधनपुर, नावापारा, फुन्दुरडिहारी, राजेन्द्रनगर, महुआपारा, नमनाकला, कृष्णानगर कालोनी, दत्ता कालोनी, पटपरिया, कार्मेल स्कुल के पास, सुभाषनगर, भगवानपुर, गंगापुर इत्यादि जगहों में 40 से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए हैं। चोरी में प्राप्त सोने एवं चांदी के जेवरों को रीवा में निखील सोनी उर्फ काजू के पास बेचने की उन्होंने जानकारी दी, जिसे वह गला देता था। आरोपित बाबू खान और पिंटू पांडेय की निशानदेही पर पुलिस रीवा से निखील सोनी को पकड़ी और उसके कब्जे से गले हुये सोने की सिल्ली के अलावा तीनों आरोपितों से कुल 458 ग्राम सोना और 2.50 किलो चांदी तथा 4.5 लाख से ऊपर नकद राशि बरामद करने में सफलता मिली है। घटना में प्रयुक्त औजार की बरामदगी पृथक से आरोपितों की निशानदेही पर की गई है। आरोपित बाबू खान और पिंटू पांडेय ने शहर में अलग-अलग जगहों पर जाकर चोरी किए गए घरों को स्वयं दिखाया। कार्रवाई में निरीक्षक भारद्वाज सिंह, अलरिक लकड़ा, उप निरीक्षक प्रमोद पांडेय, सरफराज फिरदौसी, ओपी यादव, विद्याभूषण भारद्वाज, विजय दुबे, प्रमोद दुबे, रश्मि सिंह, सउनि अजीत मिश्रा, भूपेश सिंह, रविन्द्र प्रताप सिंह, अभिषेक पांडेय विवेक पांडेय, संतोष तिवारी, विनय सिंह, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, मनोज मालवीय, राधा यादव, संतोष कश्यप, आरक्षक राकेश शर्मा, मनीष सिंह, बृजेश राय, जयदीप सिंह, विकास सिंह, अमित विश्वकर्मा, अतुल सिंह, समिनुल फिरदौसी, अमृत सिंह, अंशुल शर्मा, विमल कुमार, जितेश साहु, अनिल सिंह सहित सायबर सेल के अन्य स्टाफ सक्रिय रहे।
आरोपितों के विरुद्ध दर्ज अपराध-
सदर कोतवाली में वर्ष 2022 में कुल तीन प्रकरण, अपराध क्रमांक 202, 229, 279 धारा 457, 380 भादवि। थाना गांधीनगर में वर्ष 2021 में अपराध क्रमांक 91, 148, 181, 184, 186, 201, 204, 206, 218, 219, 224, 230, 235, 354, 387, 394, 526, 558, 581, 590, 668, 676, 719/21 धारा 457, 380 (कुल 24 प्रकरण वर्ष 2021)। वर्ष 2022 में अपराध क्रमांक 13, 15, 16, 51, 53, 56, 78, 80, 89, 107, 108, 126 धारा 457, 380 भादवि (कुल 12 प्रकरण वर्ष 2022) में कायम किया गया है।
रीवां में भी चोरी के मामले दर्ज
आरोपित पिंटू पांडेय के विरुद्ध रीवा मध्य प्रदेश में भी चोरी के मामले दर्ज हैं, जिसमें उसका स्थाई वारंट भी न्यायालय द्वारा जारी किया गया है। आरोपित बाबू खान एवम पिंटू पांडेय के द्वारा बताया गया कि वेब पोर्टल व इंटरनेट मीडिया में मकान स्वामी के द्वारा चोरी की गई संपत्ति की जानकारी जितनी बताई जाती है उतनी संपत्ति उन्हें कभी-कभार ही मिलती थी। अक्सर चोरी का माल रिपोर्ट कराए गए माल से कम मिलता था।
जेल भेजे गए आरोपित-
(1) राज खान उर्फ बाबु उर्फ मैक्स पिता अब्दुल गफ्फार (30) निवासी घोघर थाना कोतवाली जिला रीवा मध्य प्रदेश, अस्थाई निवासी पल्टन बजार सदर कोतवाली जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश। हाल मुकाम निरंजन राय रायपारा के किराए के मकान में सुभाषनगर थाना गांधीनगर जिला सरगुजा।
(2) पिंटू पांडेय पिता दयाशंकर पांडेय (31) निवासी पुराना बस स्टैंड जोड़ा तालाब के पास बाबूपारा विमल के मकान में थाना कोतवाली अंबिकापुर, जिला सरगुजा।
(3) निखील सोनी उर्फ काजु पिता राजेश सोनी (28) निवासी निपनिया वार्ड नंबर 01 रीवा मध्य प्रदेश। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड हेतु पेश किया गया।

Categorized in: