अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर कटघोरा के समीप हुई सड़क दुर्घटना, मृतकों में एक सरगुजा जिले के उदयपुर का निवासी
अंबिकापुर आते समय हुई दुर्घटना, तीनों परिवारों में पसरा मातम
अंबिकापुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की सुबह तेज रफ्तार कार की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार 3 ठेकेदारों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 2 ठेकेदार की मौके पर ही जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों पर्यटन विभाग में ठेकेदारी कर रहे थे। इनमें से 2 रायपुर के जबकि एक सरगुजा जिले के उदयपुर का निवासी थे। उदयपुर निवासी ठेकेदार शिक्षक भी था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पीएम कराने के बाद उनके स्वजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के उदयपुर निवासी रमेश सिंह व रायपुर निवासी पंकज झा, बुद्धिमान झा इन दिनों पर्यटन विभाग में ठेकेदारी कर रहे थे। तीनों स्वीफ्ट कार क्रमांक सीजी 15 सीडब्ल्यू 7681 से शनिवार की सुबह अंबिकापुर लौट रहे थे। सुबह करीब 8 बजे बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे 130 पर बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत लमना के पास पहुंचे ही थे कि कार सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पंकज झा और रमेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुद्धिमान झा घायल हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंची और घायल बुद्धिमान झा को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। सड़क हादसे की सूचना बांगो पुलिस ने तीनों मृतकों के स्वजनों को फोन पर दी। सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उनके स्वजनों को सौंप दिया है। सड़क हादसे में मौत से तीनों परिवारों में मातम पसर गया है।

Categorized in: