फुड इंस्पेक्टर के घर में काम करने आती थी किशोरी


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में खाद्य निरीक्षक निखिलेश टेम्भूरने व उसके वाहन चालक को पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया है। नाबालिग खाद्य निरीक्षक के घर पर काम करने आती थी, इस दौरान दुष्कर्म की नीयत से शर्मनाक हरकत को खाद्य निरीक्षक ने अंजाम दिया था। नाबालिग की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग जनवरी 2022 से खाद्य निरीक्षक के रामानुजगंज निवास पर काम करती थी, उसी दौरान खाद्य निरीक्षक ने बदनीयती संबंध से उससे छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर खाद्य निरीक्षक ने उसे जान से मारने व काम से निकाल देने की धमकी दी थी। इसकी जानकारी खाद्य निरीक्षक के वाहन चालक को भी थी लेकिन वह भी खाद्य निरीक्षक की ओर से नाबालिग पर दबाव बनाता था। नाबालिग ने खाद्य निरीक्षक व उसके वाहन चालक से तंग आकर इसकी जानकारी स्वजनों को दी, इसके बाद नाबालिग की मां ने रामानुजगंज थाने में इसकी लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने इस मामले में जांच, विवेचना के बाद छेड़छाड़ समेत पास्को एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर खाद्य निरीक्षक व उसके वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

Categorized in: