अंबिकापुर। सेमरसोत अभ्यारण्य क्षेत्र में साल व वनोपज के सैकड़ो हरे-भरे पेड़ों की कटाई के मामले में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम के प्रतिनिधि धीरज सिंहदेव ने लिखित में वन संरक्षक वन्य प्राणी वन वृत्त सरगुजा को ज्ञापन सौंपा है। सांसद प्रतिनिधि ने अपने ज्ञापन में बलरामपुर गेम रेंजर व परिक्षेत्र सहायक विजयनाथ तिवारी की सहभागिता का जिक्र किया है। वन संरक्षक वन्य प्राणी सरगुजा वन वृत्त के.माचियो ने पेड़ों की कटाई के मामले पर जल्द-जल्द से जांच करा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सेमरसोत अभ्यारण्य क्षेत्र के जंगल में सैकड़ों हरे-भरे पेड़ काट दिए गए हैं। पेड़ काटने की वजह जंगल में बांध निर्माण बताया जा रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई करना प्रतिबंधित है। बावजूद इसके काफी ज्यादा मात्रा में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की गई है। जंगल में हुए इस पेड़ कटाई का पर्दाफाश तब हुआ जब राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि धीरज सिंहदेव को क्षेत्र के लोगों ने इसकी जानकारी दी। बांध निर्माण के लिए हरे-भरे पेड़ काटकर जंगल को उजाड़ने की सूचना पर धीरज सिंह मौके पर पहुंचे तो सैकड़ों पेड़ कटे मिले। बता दें कि सेमरसोत अभ्यारण्य में सामान्य मद से वन्य प्राणियों के लिए पानी की व्यवस्था करने 20 लाख की लागत से मिट्टी बांध का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन उक्त कार्य में संलग्न परिक्षेत्र सहायक विजयनाथ तिवारी पर सेमरसोत अभ्यारण्य में सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों की कटाई कराने के आरोप लग रहे हैं, जबकि अभ्यारण्य क्षेत्र में पेड़ों को काटने पर प्रतिबंध है, बावजूद इसके सेमरसोत अभ्यारण्य में विभागीय कर्मचारी पर ही पेड़ों को कटवा कर जंगल को उजाड़ने का गंभीर आरोप पर विभाग ने अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की है। कार्रवाई नहीं होने पर इसकी जानकारी वन संरक्षक को दी गई है।

Categorized in: