राजेंद्र ठाकुर बलरामपुर -बलरामपुर कृषक आस्था का लोकपर्व हरेली जिले के समस्त विकासखण्डों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हरेली त्यौहार के शुभ अवसर पर संसदीय सचिव श्री चिन्तामणी महाराज व कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा विकासखण्ड कुसमी के चान्दो गौठान में पशुधन को चारा खिलाकर तथा कृषि यंत्रों की पूजा की गई। इस दौरान परम्परागत वेशभूषा में महिलाओं ने अतिथियों के लिए मांदर की थाप पर स्वागत गीत व लोकनृत्य प्रस्तुत किया। गौठान में कृषि विभाग द्वारा कृषकों को जीवामृत, नीमास्त्र आदि बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही विकासखण्ड स्तरीय पशु मेला सह प्रदर्शनी आयोजित कर बेहतर नस्ल के प्रदर्शन के लिए पशुपालकों को पुरूस्कार प्रदान किये गये।
संसदीय सचिव श्री चिन्तामणी महाराज ने उपस्थित कृषक सह जनसमुदाय को संबोधित करते हुए हरेली त्यौहार की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कृषक जीवन में प्रकृति पूजा महत्वपूर्ण हैं तथा हरेली के माध्यम से कृषि कार्यों की शुरूआत इसी आस्था को प्रदर्शित करता है। संसदीय सचिव श्री महाराज ने कृषकों से रासायनिक खाद के उपयोग को कम करने तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। कृषक रासायनिक खादों के दूषप्रभाव से अवगत हैं तथा उससे भूमि की उर्वरता कम होती है, इसलिए किसान जैविक खाद के शत्-प्रतिशत प्रयोग की ओर आगे बढ़े। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कृषकों को हरेली पर्व की बधाई देते हुए कहा कि प्रकृति के आह्वान के साथ अच्छे फसल की कामना लोक आस्था के इस पर्व को और अधिक खास बनाता है। प्रकृति द्वारा प्रदत्त सभी अमूल्य संसाधन हमारे पास हैं उनका समावेशी उपयोग हमारे कृषि विकास में सहायक होगा। हम सभी दृढ़ संकल्पित होकर प्रकृति के सहयोगी बनकर चले और उसका अनुचित दोहन न करें। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने हरेली त्यौहार के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि कृषक इस दिन अच्छी उपज के लिए प्रार्थना कर कृषि यंत्रों की पूजा करते हैं। कृषकों के लिए यह पर्व बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि हरेली के साथ ही कृषि कार्यों की शुरूआत मानी जाती है। उन्होंने इस अवसर पर शासन की महत्वाकांक्षी नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी तथा गोधन न्याय योजना के बारे में कृषकों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उक्त योजनाओं से कृषक व पशुपालक किस तरह लाभान्वित हुए हैं तथा आगे भी इन योजनाओं का किस प्रकार लाभ लें सकते हैं, इस बारे में बताया।

Categorized in: