अंबिकापुर। लक्ष्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सीतापुर महाविद्यालय के बी.एससी. नर्सिंग और जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर पाठ्यक्रम की भारतीय उपचर्या परिषद (आईएनसी) मान्यता, अनुमोदन की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
छात्रों ने अपने आवेदन में कहा है कि लक्ष्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग सीतापुर के बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने कहा है कि, उनके महाविद्यालय के पाठ्यक्रम की भारतीय उपचर्या परिषद मान्यता की स्थिति को लेकर हम सभी में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर उन्हें अपने भविष्य की चिंता है। छात्रों ने मांग की है कि संबंधित विभाग द्वारा महाविद्यालय की मान्यता की वर्तमान स्थिति की जांच कराई जाए और छात्रों को उसकी सही एवं आधिकारिक जानकारी दी जाए।
छात्रों की मांग है कि, आईएनसी मान्यता की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करके अधिकारिक मान्यता/अनुमोदन की दस्तावेजी पुष्टि की जाए। मान्यता उनके बैच पर लागू है या नहीं, स्पष्ट किया जाए। छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान समय पर करें। दस्तावेजों की प्रतिलिपि छात्राओं को उपलब्ध कराई जाए और जांच कार्रवाई का जवाब उन्हें लिखित में दिया जाए। छात्रों ने कहा उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना नहीं है, बल्कि सही जानकारी, पारदर्शिता और अपने शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा है।
पूनम तिवारी, तन्जीला परवीन, श्वेता चैहान, संगीता मांझी, सुषमा बड़ा, रितु, चंदा गुप्ता, सोनिया, शीतल, दीपक सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने कॉलेज की फीस स्ट्रक्चर और प्रवेश प्रक्रिया का हवाला देते हुए बताया कि, बीएससी नर्सिंग 4 वर्ष के लिए 75 हजार रुपये, ट्यूशन हॉस्टल का 42 हजार कुल 1,17,000 रुपये और जीएनएम 3 वर्ष के लिए 68 हजार रुपये, हॉस्टल का 42 हजार, कुल 1 लाख 10 हजार रुपये उनसे लिया जाता है। वे अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन पढ़ाई के बाद उन्हें इसका क्या लाभ मिलेगा, इसकी चिंता है।
