अंबिकापुर। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक ने आरोपियों के मारपीट से क्षुब्ध होकर ड्रीप पाइप से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

बता दें कि गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरगवां, पतरापारा का रूकचंद नागेश पिता अमर साय नागेश, 25 वर्ष, 27 अप्रैल को गांव में पण्डा नामक व्यक्ति के विवाह मण्डप कार्यक्रम में गया था। यहां डीजे साउंड सिस्टम चलाकर गांव के लोग नाच रहे थे। रात करीब एक बजे मृतक की मां कबिलासो को भी आरोपी रामप्रसाद, राजनाथ एवं अजीत नाचने के लिए बोलने लगे, जिसका पुत्र रूकचंद विरोध किया और कहा कि उसकी मां नहीं नाचेगी। इसी बात को लेकर रामप्रसाद, राजनाथ एवं अजीत ने रूकचंद नागेश के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया, जिससे आहत होकर वह शादी कार्यक्रम से रोते हुए अलसुबह करीब 03 बजे वापस अपने घर आ गया, और घटना से अपनी बहन सुमरी नागेश को अवगत कराया था। कुछ देर बाद वह गांव के पीपल के पेड़ में ड्रीप पाइप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध थाना गांधीनगर में धारा 108, 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया था। मर्ग जांच में लगी पुलिस ने आरोपी रामप्रसाद उर्फ रित्रा पिता मुन्ना राम 28 वर्ष, अजीत कुमार पिता शिवप्रसाद यादव 32 वर्ष, राजनाथ तिर्की पिता नानसाय 40 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम सरगवां को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया तो उन्होंने मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। प्रकरण के निराकरण में थाना गांधीनगर से थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक इमरान गालिब, सैनिक रोशन गुप्ता की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: