एनडीपीएस के पूर्व में फरार शहजाद उर्फ रिंकू जेल दाखिल 

अंबिकापुर। आबकारी उड़नदस्ता टीम की नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 11 अप्रैल को टीम ने मुखबिर से मिली सूचना पर आईटीआई कॉलोनी विश्रामपुर के मकान नंबर 1030 में निवासरत भोले घसिया के घर में दबिश देकर उसके शयन कक्ष से 132 नग नशीला कैप्सूल, 73 नग व 90 नग अलग-अलग नाम के टेबलेट जब्त करके एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत कार्रवाई की। टीम दूसरे मामले में फरार एक आरोपी को पकड़ने रवाना हुई थी इस बीच सूरजपुर आबकारी नियंत्रण कक्ष से पानी पीने के बहाने आरक्षकों को चकमा देकर आरोपी फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया है।

पूर्व मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

आबकारी उड़नदस्ता टीम भोले घसिया को गिरफ्तार करके कार्रवाई में लगी थी, इसी बीच सूचना मिली कि विश्रामपुर तहसील के जिस चपरासी अभिषेक कुमार साहू को एक मार्च को लगभग 600 नग कैप्सूल टैबलेट के साथ गिरफ्तार करके जेल दाखिल किया गया है, उसका फरार आरोपी मो. शहजाद उर्फ रिंकू अपने घर में मौजूद है। आरोपी भोले घसिया को आबकारी नियंत्रण कक्ष सूरजपुर के हवाले करके टीम मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू के कब्रिस्तान मोहल्ला स्थित घर में छापामार कार्रवाई की, तो वह घर में ही उपस्थित मिला। आबकारी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इधर आरोपी के भागने की मिली सूचना

मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू की गिरफ्तारी के बीच आबकारी नियंत्रण कक्ष से आरक्षक ने फोन करके बताया कि पानी पीने के बहाने आरोपी भोले घसिया चकमा देकर भाग गया, काफी पतासाजी के बाद भी उसका पता नहीं चला। थाना सूरजपुर में फरार आरोपी भोले घसिया के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के बाद पूर्व मामले के आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू को आबकारी विभाग की टीम ने न्यायालय सूरजपुर में रिमाण्ड लेकर जेल दाखिल किया।

कार्रवाई में ये रहे शामिल

कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Categorized in: