होली पर्व के मद्देनजर गली-गली तक पुलिस का रहेगा पहरा

अंबिकापुर। होली त्यौहार के मद्देनजर विभिन्न चौक-चौराहों से पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च कर असामाजिक तत्वों को सतर्क किया गया। संवेदनशील दृष्टिकोण से शहरी, देहात, आउटर और अंदरूनी क्षेत्रों में पुलिस अलर्ट है। शहर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट के साथ मोटर सायकल से बाज स्क्वॉड, फोर व्हीलर पेट्रोलिंग व महिला पेट्रोलिंग बल तैनात किए गए हैं। इन्हें किसी प्रकार की असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली हुड़दंगबाजी पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा पुलिस टीम को शहर एवं ग्रामीण थाना, चौकी क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों में फ्लैग मार्च कर आपराधिक गतिविधियों वाले व्यक्तियों को सचेत करने और ऐसे मामले में सख्ती से कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 02 मार्च के बाद रंगोत्सव की पूर्व संध्या पर शाम करीब 5 बजे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं ग्रामीण थाना, चौकी क्षेत्रों के प्रभारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से निकलकर थाना चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देव होटल चौक से होकर घड़ी चौक पर आकर समाप्त हुई। पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा इस दौरान लगातार पेट्रोलिंग कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाया रखा जाएगा। फ्लैग मार्च के दौरान आमजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गय, साथ ही असामाजिक और उपद्रवी तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की हुड़दंगई, जबरन रंग-गुलाल लगाना, नशाखोरी, सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने या विधि व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरगुजा पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिकता है, कि होली का त्यौहार शांतिपूर्वक वातावरण के साथ निपटे। इसके लिए जिले के आमजनों से अपील की गई है कि इसके लिए प्रशासन का भरपूर सहयोग करें।

 

Categorized in: