अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने लैपटॉप व नकदी चोरी के मामले में खरीददार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 5000 रुपये नकद और लैपटॉप बरामद करने में पुलिस सफल हुई है।
भगवानपुर निवासी सुनन्दन तिवारी ने 20 फरवरी को 19-20 फरवरी की मध्य रात्रि को अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा मकान से नकदी, सोने का ब्रेसलेट, अंगूठी, चैन, लैपटॉप एवं मोबाइल चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए), 3(5), 317(2), 112(2) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था। दौरान विवेचना पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी गई संपत्ति के तलाश में लगी थी। इस दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदेही चोरी का मोबाइल बेचने के फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही आनंद कुमार पन्ना पिता हैबिल पन्ना 22 वर्ष, निवासी सुभाषनगर भगवानपुर को पकड़ा और पूछताछ की तो वह प्रार्थी के मकान से नकद रकम सहित जेवरात, लैपटॉप, मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा सोने के जेवरात को अन्य आरोपी को बिक्री करने के लिए देना बताया है, जो फरार है। आरोपी द्वारा चोरी का मोबाइल एवं 5000 रुपये नकद स्वयं रखना एवं लैपटॉप, चार्जर को भगवानपुर मनेन्द्रगढ़ रोड निवासी प्रियांशु तिवारी को 1000 रुपये में बेचना बताया। आरोपी के निशानदेही पर लैपटॉप खरीददार प्रियांशु तिवारी पिता अजय तिवारी 21 वर्ष निवासी भगवानपुर से पूछताछ करने पर उसने चोरी का लैपटॉप खरीदना स्वीकार किया। पुलिस टीम ने लैपटॉप मय चार्जर जप्त कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फरार आरोपी के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक लल्लन गुप्ता, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह उमाशंकर, रमन मण्डल, थाना धौरपुर से राहुल सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: