अंबिकापुर। मानव दुर्व्यपार के मामले में फरार आरोपिया को पुलिस ने पुणे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया पीड़िता को काम दिलाने के बहाने ले गई थी। पुलिस ने पड़ताल में पाया था कि महिला अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर इस घटना को अंजाम दे रही है। पुलिस टीम ने मामले में पूर्व में कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था।

जानकारी के मुताबिक 19/12/25 को थाना लखनपुर में एक महिला रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम सिंगीटाना का धनी कुजूर उसे काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथी अल्का टोप्पो, कलावती एक्का के साथ फिरोजाबाद ले गया और एक युवक से उसका विवाह करा दिया। बाद में पता चला कि उसका सौदा 03 लाख रुपये में किया गया है। इसके बाद किसी तरह वहां से भागकर अपने गांव पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में धारा 143(2), 87, 3(5), 64(2)(ढ), बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पूर्व में पुलिस टीम ने आरोपी धनी कुजूर एवं अलका टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा था। प्रकरण में शामिल आरोपिया घटना दिनांक से फरार चल रही थी।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रकरण में फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना लखनपुर पुलिस टीम ने कलावती एक्का पिता हॉबील एक्का 40 वर्ष, निवासी लडुवा थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, हाल-मुकाम गोरसीडबरा थाना गांधीनगर को पुणे महाराष्ट्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपिया को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मानव दुर्व्यपार के मामले में बीएनएस की धारा जोड़कर कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक निर्मला कश्यप, महिला आरक्षक मानिता तिग्गा, आरक्षक जगेश्वर बघेल सक्रिय रहे।

Categorized in: