रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने लव ट्रैप के विवादों में घिरीं डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। गृह विभाग ने यह कार्रवाई शुरुआती जांच के बाद की है। डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ कारोबारी दीपक टंडन ने लव ट्रैप की शिकायत की थी। अभी वह दंतेवाड़ा में तैनात थीं।

कई गंभीर आरोप लगे हैं डीएसपी पर
डीएसपी कल्पना पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। सरकार की तरफ जारी आदेश में कहा गया है कि शुरुआती जांच में फाइनेंशियल गड़बड़ी, जांच के दौरान दर्ज बयानों में विरोधाभास और मामले से जुड़ी चैट सामने आई है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन को लेकर की गई है। उन्होंने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया है। साथ ही संपत्ति भी बनाई है। सस्पेंशन की अवधि के दौरान कल्पना वर्मा का हेडक्वार्टर नवा रायपुर पुलिस हेडक्वार्टर में रहेगा। उन्हें नियमों के अनुसार भत्ता दिया जाएगा।

दीपक टंडन ने लव ट्रैप में फंसाने की थी शिकायत
दरअसल, डीएसपी वर्मा के खिलाफ पिछले दिनों एक होटल कारोबारी दीपक टंडन ने शिकायत की थी। दीपक टंडन और उनकी पत्नी ने पुलिस की शिकायत में कहा था कि डीएसपी वर्मा ने लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपए हड़प लिए हैं। साथ ही कारोबारी की पत्नी की गाड़ी भी रख ली थी। कारोबारी ने सबूत के तौर पर चैट दिए थे, जिसमें तलाक और शादी की बात हो रही थी। साथ ही डीएसपी होटल कारोबारी से मिलने के लिए होटल में भी आती थीं। इसका सीसीटीवी फुटेज भी आया था।

जांच रिपोर्ट के बाद की गई कार्रवाई
शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच एएसपी स्तर के अधिकारी से कराई जा रही थी। उन्होंने पुलिस मुख्यालय को 1475 पन्नों की जांच रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें इस प्रकरण के सारे तथ्य शामिल थे। बताया जा रहा है कि उसी रिपोर्ट के बाद पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई की है।

वर्मा ने कारोबारी से ढाई करोड़ रुपए वसूले
गौरतब है कि कारोबारी दीपक टंडन और डीएसपी कल्पना वर्मा 2021 में करीब आए थे। कथित लव ट्रैप के जरिए वर्मा ने कारोबारी से ढाई करोड़ रुपए वसूले। इसमें दो करोड़ नगद, एक लग्जरी कार, 12 लाख के हीरे, पांच लाख के सोने और अन्य महंगे तोहफे शामिल हैं। कई बार मांगने के बाद भी डीएसपी ने गाड़ी और जूलरी नहीं लौटाई। साथ ही कारोबारी से भाई के लिए होटल खोलने के नाम पर एक बड़ी रकम वसूल की थी। डीएसपी सस्पेंड हो गई हैं और आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू हो गई है।

 

Categorized in: