नारायणपुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल के जवान लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान सर्चिंग पर निकली टीम को नारायणपुर में माओवादी ठिकाने से विस्फोटक बनाने की सामग्री और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। नक्सलियों ने यहां विस्फोटक बनाने में उपयोग होने वाला कच्चा माल जमा करके रथा था।

पुलिस के अनुसार, खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबल की एक टीम को बुधवार को रवाना किया गया था। गुरुवार को सर्चिंग करते हुए सुरक्षाबल के जवान कोरासकोदो-पांगुड-कंदुलपर गांवों में खोजबीन की तो यहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक बनाने के लिए बरामद किए गए कच्चे माल को जब्त किया गया। जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में नक्सलियों द्वारा छिपाई गई सामग्री का पता चला। उन्होंने कहा कि बरामद की गई सामग्री में लगभग 1,300 लोहे की पाइप, एल्यूमिनियम की लगभग 200 छड़ (1,000 किलोग्राम से अधिक वजन), 61 बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) गोले, 21 छोटे बीजीएल गोले, बीजीएल लगे 46 धनुष, 14 खाली सेल्फ लोडिंग राइफल मैगजीन और हथियार बनाने में उपयोग होने वाला सामान शामिल है।

अधिकारी ने कहा कि यह बरामदगी क्षेत्र में माओवादियों के हथियार निर्माण नेटवर्क को ध्वस्त करने में मिली एक महत्वपूर्ण सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में, जिले की पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ समन्वय के तहत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोरासकोदो में एक नया सुरक्षा शिविर स्थापित किया था।

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के लिए सुरक्षाबल के जवान लगातार बड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत कई बड़े नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं, उन इलाकों में भी सुरक्षा कैंप की स्थापना की गई जिन्हें कभी नक्सलियों का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता था।

Categorized in: