अज्ञात वाहन का चालक बाइक सवार कॉलेज के छात्र सहित 3 को लिया था चपेट में

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर लुचकी घाट के पास बुधवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार कॉलेज के छात्र सहित दो युवकों की मौत हो गई थी, एक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाइक सवार छात्र अपने दोस्त के साथ ग्राम बनेया में रहने वाले दोस्त को लेने गया था। सीतापुर से अंबिकापुर आते समय अज्ञात वाहन का चालक इन्हें चपेट में ले लिया, इसके बाद घायल युवक घुप्प अंधेरे के बीच सड़क में पड़े थे। इस दौरान कई वाहनें इन युवकों के ऊपर से गुजर गई, घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। दुर्घटनाकारित वाहन के तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र के नवापारा का रितेश पैकरा पिता हिंदाल पैकरा 22 वर्ष, अंबिकापुर के सांई बाबा कॉलेज में एमएससी फायनल ईयर का छात्र था, और गांधीनगर थाना क्षेत्र के मुक्तिपाारा में किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार को रितेश, सीतापुर निवासी अनीस तिर्की के साथ अंबिकापुर के ही एक कॉलेज में पढ़ने वाले दोस्त आदित्य खाखा पिता राजेश खाखा 23 वर्ष को लेने सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बनेया गया था। इसके बाद तीनों मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डी 5961 में सवार होकर अंबिकापुर आने के लिए निकले थे। लुचकी घाट लालमाटी में करीब 6.30 बजे इन्हें अंबिकापुर की ओर आ रहे अज्ञात वाहन का चालक चपेट में लेते हुए भाग गया था, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अनीस तिर्की सड़क के किनारे फेंका गया, वहीं रितेश और आदित्य सड़क पर ही पड़े थे। घटनास्थल में घुप्प अंधेरा होने के कारण अन्य वाहन दोनों को रौंदते निकल गए, जिससे इनके शरीर की दुर्गति हो गई। मार्ग से आने-जाने वाले कुछ लोगों की नजर घायल युवकों पर पड़ी और इसकी सूचना डॉयल 112 को फोन करके दी। बड़े हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी शशिकान्त सिन्हा और यातायात प्रभारी विजय कैवर्त्य अन्य सहयोगी पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे, और डॉयल 112 वाहन से घायल अनीश तिर्की को तत्काल अस्पताल रवाना किया। यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में प्राथमिक चिकित्सा के बाद घायल युवक को भर्ती कर लिया गया है, जिसका उपचार जारी है। सड़क पर पड़े रितेश और आदित्य के शरीर के चिथड़े उड़ गए थे। पुलिस ने इनके शरीर के अवशेष को एकत्र करके मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मर्च्युरी में रखवाया था। पुलिस ने मौके पर मिले घायलों के मोबाइल फोन से इनके स्वजनों से संपर्क किया और मोटरसायकल में सवार होकर आ रहे तीन युवकों के एक्सीडेंट में घायल होने की सूचना दी। देर रात स्वजन अस्पताल पहुंचे, जैसे ही दो युवकों के मौत का पता चला, कोहराम की स्थिति बन गई। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन के चालक के विरूद्ध केस दर्ज किया है। एनएच में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है।

वाहन सहित फरार चालक को तलाश रही पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी शशिकान्त सिन्हा ने बताया कि घटना के समय बाइक सवार तीनों युवक और दुर्घटना के बाद वाहन सहित फरार हुआ चालक अंबिकापुर की ओर आ रहे थे। घटनास्थल में अंधेरा होने के कारण तेज रफ्तार में कई वाहनें दोनों युवकों के ऊपर से गुजर गई, ऐसा घटनास्थल की स्थिति को देखने के बाद प्रतीत होता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को घेरे में लिया, जिससे वाहनों का आवाजाही रूक गई। अज्ञात वाहन और फरार चालक के तलाश में पुलिस टीम लगी है। दुर्घटनाकारित वाहन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।

 

 

Categorized in: