किशोरी की मौत के बाद कार्रवाई का भय दिखाकर युवक से मांगा था 50 हजार

अंबिकापुर। लखनपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक खुदकुशी कर लिया था। इसके पहले युवक की प्रेमिका भी खुदकुशी की थी। किशोरी के स्वजन ने युवक व उसकी मां पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। जांच के दौरान प्रधान आरक्षक ने मामले में कार्रवाई का डर दिखाकर युवक से 50 हजार रुपये की मांग की थी, और लगातार रुपये के लिए प्रताड़ित कर रहा था। इससे तंग आकर युवक ने भी खुदकुशी का रास्ता चुन लिया। जांच के बाद मामले में लखनपुर थाना पुलिस ने आरोपी प्रधान आरक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक आशीष मिंज 20 वर्ष, लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चुकनडांड़ सेमरापारा का रहने वाला था। इसकी 16 वर्षीय प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली थी। लड़की पक्ष ने युवक के स्वजन आशीष मिंज व उसकी मां पर आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया था। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। विवेचना थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पन्ना लाल द्वारा किया जा रहा था। जांच के दौरान प्रधान आरक्षक ने आशीष व उसकी मां को पूछताछ के लिए बुलाया था। इस दौरान उसने दोनों से कहा था कि तुम लोगों पर आरोप लगा है जेल जाओगे, अगर बचना है तो 50 हजार रुपये देना पड़ेगा। रुपये के लिए प्रधान आरक्षक ने आशीष मिंज को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, इससे तंग आकर आशीष 4 अपै्रल 2025 को गांव के पुलिया के पास फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया था। आशीष की मां अमला मिंज ने प्रधान आरक्षक पर रुपये लेने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। जांच के बाद मामला सही पाया गया। लखनपुर थाना प्रभारी एसआई सम्पत पोटाई ने आरोपी प्रधान आरक्षक पन्ना लाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है।

Categorized in: