एक स्थायी वारंटी को सोनभद्र उत्तर प्रदेश के न्यायालय में पेश की पुलिस

अंबिकापुर। पुलिस टीम ने 54 स्थाई वारंटी एवं 17 गिरफ्तारी वारंट, तामिल करके 71 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मानव तस्करी के 18 वर्ष पूर्व के प्रकरण में शामिल एक वारंटी भी शामिल है, जो न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। न्यायालय ने आरोपी के विरूद्ध स्थायी वारंट जारी किया था। कोतवाली एवं गांधीनगर थाना द्वारा सर्वधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। एक वारंटी को गिरफ्तार करके गांधीनगर थाना पुलिस ने सोनभद्र उत्तर प्रदेश के न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के मुताबिक डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारियों को न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट एवं गिरफ्तारी वारंट के आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश करने एवं आरोपियों को जेल भेजने का निर्देश दिया था। उन्होंने वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का विशेष अभियान चलाने कहा था। इस आदेश के परिपालन में पुलिस टीम द्वारा वारंटियों पर नकेल कसते हुए धरपकड़ की गई। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण तूल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय एवं प्रत्येक थाना, चौकी स्तर पर प्रभारियों ने पुलिस टीम के साथ सुबह-सुबह वारंटियों के ठिकाने पर औचक दस्तक दी और 71 वारंटियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। इनमें थाना कमलेश्वरपुर अंतर्गत मानव तस्करी के प्रकरण में न्यायालय द्वारा 18 वर्ष पूर्व के मामले में आरोपी राजेश एक्का निवासी जुनगानी खारापारा पत्थलगांव का स्थायी वारंट जारी किया था, जिसे पुलिस टीम ने गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा है। जिला सोनभद्र उत्तरप्रदेश में यातायात नियमों की अवहेलना पर वर्ष 2015 में वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने पर एवं मामले में अग्रिम कार्रवाई पश्चात न्यायालय जिला सोनभद्र उत्तरप्रदेश द्वारा आरोपी दिनेश प्रताप सिंह का स्थायी वारंट जारी किया गया था, उक्त स्थाई वारंट तामिली हेतु थाना गांधीनगर को प्राप्त हुआ था। आरोपी वाहन चालक दिनेश प्रताप सिंह निवासी गांधीनगर को थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने पकड़ा और न्यायालय जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश में पेश किया है। वारंट तामिली की कार्रवाई में समस्त थाना, चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।

कोतवाली व गांधीनगर थाना पुलिस ने सर्वाधिक वारंटियों को पकड़ा
अभियान दौरान थाना कोतवाली पुलिस टीम ने 19 स्थाई एवं 02 गिरफ्तारी वारंट, थाना गांधीनगर द्वारा 13 स्थाई वारंट, थाना मणीपुर द्वारा 04 स्थाई एवं 05 गिरफ्तारी वारंट, थाना उदयपुर द्वारा 03 स्थाई एवं 02 गिरफ्तारी वारंट, थाना लखनपुर द्वारा 02 स्थाई वारंट, थाना कमलेश्वरपुर द्वारा 01 स्थाई एवं 03 गिरफ्तारी वारंट, थाना लुन्ड्रा द्वारा 03 गिरफ्तारी वारंट, थाना बतौली द्वारा 04 स्थाई वारंट, थाना धौरपुर द्वारा 02 स्थाई वारंट, थाना सीतापुर द्वारा 01 स्थाई एवं 04 गिरफ्तारी वारंट, थाना दरिमा द्वारा 02 स्थाई एवं 01 गिरफ्तारी वारंट के वारंटियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया और जेल भेजने की कार्रवाई की है, अभियान के दौरान सर्वधिक वारंटियों को थाना कोतवाली एवं थाना गांधीनगर द्वारा गिरफ्तार किया गया है।

 

 

Categorized in: