अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस एवं सरगुजा जिले के गैर सरकारी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय केशवपुर में छात्र-छात्राओं को नशे की लत एवं उसके दुष्प्रभाव, साइबर क्राइम एवं यातायात के नियमों का पालन करने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन नवा बिहान की टीम ने किया।
नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के संयोजक मंगल पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में नशामुक्ति, साइबर क्राइम एवं साइबर क्राइम से सुरक्षा तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने कहा कि बच्चे हमारे देश के भविष्य हैं, उनका सर्वांगीण विकास करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उपनिरीक्षक अभय तिवारी यातायात पुलिस ने यातायात के प्रावधानों को अनदेखा कर वाहन चलाने से हो रही सड़क दुघर्टनाओं में बढ़ोतरी को आंकड़ों सहित प्रस्तुत किया और यातायात के प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अनुज जायसवाल साइबर सेल ने साइबर अपराधों एवं उसके दुष्प्रभाव, सुरक्षा पर विस्तार से प्रकाश डाला। राजयोगिनी बीके विद्या ने बच्चों को सामाजिक बुराईयों से दूर रहने एवं महापुरुषों के जीवन से सीख लेकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का आग्रह किया। वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने कहा कि जीवन को अच्छे से जीना है तो हमें पहले सुनना सीखना होगा। संतोष दास सरल ने बच्चों को सामाजिक बुराईयों से दूर रखने, अपने संस्कृति एवं संस्कार को आत्मसात करने ‘स्वरग ले सुघर हवे हमर सरगुजाÓ स्वरचित काव्य प्रस्तुत किया। नवा बिहान नशामुक्ति के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने सरगुजा पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों के इस अभियान में सिविल सोसायटी, मीडिया, युवाओं व समुदाय के अन्य लोगों के सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की। स्कूल के अध्यापक डॉ. अंचल सिन्हा ने उपस्थित अतिथियों एवं सहभागी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में काउंसलर सुनिधि मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य संतोष साहू, अनिल त्रिपाठी, अजीत लकड़ा, वंदना महथा, नीतु प्रेमा टोप्पो, प्रदीप बरई, विकास चंद्र श्रीवास्तव, धनंजय जायसवाल, सतीश भाई पटेल, विश्वजीत पाठक सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।

Categorized in: