न्यायालय ने अग्रिम जमानत खारिज करते हुए जारी किया है गिरफ्तारी वारंट
अंबिकापुर। भयादोहन कर करोड़ों की वसूली करने का प्रयास करने के मामले में सरगुजा पुलिस को राउरकेला निवासी पंकज अग्रवाल की तलाश है। न्यायालय ने इसका अग्रिम जमानत खारिज करते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। न्यायालय द्वारा पंकज अग्रवाल को पूर्व में ही भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। पंकज अग्रवाल के संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
मामला पूर्व में साजिश के तहत राउरकेला निवासी पंकज अग्रवाल के द्वारा राहुल गोयल और केके अग्रवाल को झूठे मुकदमे में फंसाने से जुड़ा है। करोड़ों रुपये की हेराफेरी के मामले में न्यायालय द्वारा आपराधिक परिवाद क्रमांक 787/2023 राहुल गोयल प्रति पंकज अग्रवाल में न्यायालय गिरवर सिंह राजपूत न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंबिकापुर के न्यायालय ने 15.10.25 को गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए थाना प्रभारी उदितनगर जिला सुंदरगढ़ उड़ीसा व पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा को ज्ञापन जारी कर उपरोक्त परिवाद में आरोपी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार कर दिनांक 11.11.25 को न्यायालय में हाजिर करने का आदेश दिया है। कानूनी रूप से भगोड़ा घोषित पंकज अग्रवाल के तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। 14 अक्टूबर 2025 को अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। इसके तुरंत बाद पंकज अग्रवाल ने अपने सभी मोबाइल फोन बंद कर दिए। 16 अक्टूबर की शाम 6 बजे से उसका कोई अता-पता नहीं है। 17 अक्टूबर की रात पुलिस टीम राउरकेला के लिए रवाना हुई और 18 अक्टूबर को पूरे दिन सघन सर्च अभियान चलाया गया। दोपहर करीब 2 बजे पुलिस टीम ने सर्च वारंट के साथ उसके घर में दबिश दी, लगभग 3 घंटे तक तलाशी अभियान चला। यह सब देखकर आसपास की पूरी कॉलोनी में भारी भीड़ जुट गई। जब लोगों ने पुलिस से पूछताछ की तो टीम ने स्पष्ट कहा कि पंकज अग्रवाल सैकड़ों करोड़ रुपये की बड़ी आर्थिक धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी है, इसी सिलसिले में उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पंकज अग्रवाल ने राहुल गोयल और केके अग्रवाल को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची थी, आज वही पंकज अग्रवाल स्वयं कानून के शिकंजे से बचता फिर रहा है। सच्चाई अब सबके सामने है, जिसने फरेब का जाल बुना था, वही अब उस जाल में उलझ चुका है। उड़ीसा पुलिस के अलावा सरगुजा पुलिस भी पंकज अग्रवाल के तलाश में लगी है।

Categorized in: