किसानों को जैविक खेती अपनाने किया प्रेरित, ग्राफ्टेड टमाटर के पौधे का वितरण
अंबिकापुर। कृषि विज्ञान केन्द्र अजिरमा में गुरूवार को जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुधन विकास विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं नवीन तकनीकों की जानकारी हेतु स्टॉल लगाए गए, जिनका जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में किसानों ने अवलोकन किया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसान सम्मान निधि की राशि अब सीधे ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे किसानों को बैंक के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से बचने और मृदा की पोषकता बनाए रखने पर किसानों से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पशुधन विकास विभाग के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम को गति दी जा रही है, जिससे 90 प्रतिशत बछिया प्राप्त होने की संभावना बढ़ी है। मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी किसानों को प्रेरित किया। सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और जैविक खेती अपनाने का आग्रह किया। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि किसान मेला किसानों के लिए नवाचार एवं तकनीकी ज्ञान का मंच है। यहां विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे किसानों को खेती-बाड़ी में आधुनिक तकनीक अपनाने का अवसर मिलेगा। कलेक्टर विलास भोसकर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 15 नवम्बर से धान खरीदी प्रारंभ होगी। उन्होंने किसानों से बैंक संबंधी सतर्कता बरतने की अपील की और कहा कि किसान अपनी मेहनत की कमाई पसीना बहाकर अर्जित करते हैं, लेकिन कई बार बैंक धोखाधड़ी के मामलों में उनकी गाढ़ी कमाई चली जाती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपने बैंक पासबुक का स्टेटमेंट हर 15 से 30 दिनों में अवश्य जांचें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदेहास्पद लेन-देन का तुरंत पता चल सके। उन्होंने कहा कि फ्रॉड का शिकार होने के बाद अपराधी भले ही जेल चला जाए, लेकिन किसान की मेहनत की कमाई वापस नहीं होती। सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि यदि किसी किसान को बैंक लेन-देन में समस्या होती है या किसी प्रकार की धोखाधड़ी की आशंका होती है, तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके। अंत में जिले के सर्वश्रेष्ठ पशुपालकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिपं उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जिपं सदस्य राधा रवि, नानमनी पैकरा, कृषि स्वामित्व समिति की अध्यक्ष दिव्या सिंह सिसोदिया, पूर्व हस्तशिल्प बोर्ड अध्यक्ष अनिल सिंह मेजर, कृषि मंत्री प्रतिनिधि रविन्द्र तिवारी, पार्षद कमलेश तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के अलावा कृषि विज्ञान केन्द्र अजिरमा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा, उप संचालक पितांबर सिंह दिवान, उद्यानिकी विभाग के उप संचालक जयपाल सिंह मरावी, मत्स्य पालन विभाग उप संचालक सतीश अहिरवार, पशुधन विकास विभाग से डॉ. रुपेश सिंह, समस्त विभाग के अधिकारी कृषक उपस्थित रहे।

Categorized in: