रायपुर। फर्जी आईबी अधिकारी बन कर घुम रहे शख्स को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 31 अगस्त की रात को आमानाका थाने के नंदनवन जीई रोड के पास पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान पुलिस ने एक तेज रफ्तार एक्टिवा सवार को रोका तो वह पुलिस से बहस करने लगा। खुद को आईबी का अधिकारी बताते हुए अपना आईडी कार्ड दिखाया। युवक के पास आईबी विभाग का आईडी कार्ड देखकर पुलिस पहले तो शॉक्ड हो गई। हालांकि पुलिस को आईडी कार्ड देखकर शक हुआ जिसके बाद उसने उसकी गहनता से जांच की। जांच में पता चला की यह फर्जी आईडी कार्ड है।

क्या था मामला
आमानाका पुलिस चंदनडीह चौक, नंदनवन जीई रोड के पास रात के समय वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार से एक्टिवा चला रहे युवक को रोका गया। चालक ने अपना नाम विशाल कुमार बताया। पुलिस उससे पूछताछ करने लगी तो वह पुलिस पर धौंस दिखाने लगा। युवक ने पूछताछ में कहा कि वह आईबी अधिकारी है। चालान से बचने के लिए उसने अपना फर्जी आईबी ID कार्ड दिखाया।

आईडी दिखाकर जमाता था रौब
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विशाल कुमार फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर लोगों पर रौब जमाता था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह का सदस्य तो नहीं है। आमानाका थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जब युवक को पकड़ा तो वह माफी मांगने लगा। उसने पुलिस से पूछताछ में कहा कि वह केवल धौंस जमाने के लिए आईबी अधिकारी का आईडी कार्ड दिखाता था। वह किसी भी गिरोह का मेंबर नहीं है।

 

Categorized in: