दुर्ग। जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर स्थित गदा चौक के पास स्थित ईशा होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस होटल में संदिग्ध गतिविधियों की पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में रविवार रात टीम बनाकर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने होटल में दबिश देकर कई जोड़ों को संदिग्ध हालत में पकड़ा। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि वैशाली नगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से देह व्यापार की शिकायतें मिल रही थीं।

कम उम्र के कई युवक-युवतियां पकडाये
शिकायतों की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और क्षेत्र के होटलों व लॉज पर निगरानी रखी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ईशा होटल में कुछ युवतियां ग्राहक बनकर रुकी हैं और वहां अवैध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने होटल पर छापेमारी की। इस दौरान 18 से 20 साल की उम्र के कई युवक-युवतियों को पकड़ा गया।

जांच कि जा रही है
पुलिस ने सभी को वैशाली नगर थाने लाकर पूछताछ शुरू की और उनकी पहचान व वैध दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि देह व्यापार कराने के आरोप में होटल मैनेजर और एक ग्राहक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अब पकड़े गए युवकों-युवतियों के परिजनों से भी संपर्क कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों से भी सूचना मिली थी कि होटल में अवैध काम किया जा रहा था। जिसके बाद कार्रवाई की गई है। फिलहाल पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

Categorized in: