बलरामपुर
थाना सनावल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तालकेश्वरपुर में जमीन विवाद को लेकर दूसरे प्रदेश से आए हमलावरों ने ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और टांगी से जानलेवा हमला कर दिया था। इस गंभीर प्रकरण में पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थी रामसाय गोड़ निवासी ग्राम तालकेश्वरपुर ने थाना सनावल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने खेत की जोताई कर रहा था, तभी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के सागोबांध गांव से आए नानदेव गुप्ता, ललन गुप्ता, बुचून गुप्ता समेत अन्य लोग लाठी-डंडा और टांगी लेकर पहुंचे। उन्होंने जमीन को अपना बताते हुए प्रार्थी को धमकाया, गाली-गलौज की और हत्या की नीयत से मारपीट की।
रिपोर्ट के आधार पर थाना सनावल पुलिस ने अपराध क्रमांक 46/2025 धारा 191(2), 191(3), 190, 296, 351(2), 115(2), 109(1) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने न सिर्फ हमला किया, बल्कि फरार साथियों को भगाने और छिपाने में भी सहयोग किया। आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से बातचीत कर मदद करने और आर्थिक सहयोग करने के तथ्य भी सामने आए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले चरण में 4 आरोपियों को पकड़ा और बाद में सोनभद्र (उ.प्र.) के सागोबांध गांव से घेराबंदी कर शेष 5 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया इन आरोपियों को किया गया
गिरफ्तार
रामलखन गुप्ता (65 वर्ष)
श्यामबिहारी गुप्ता (51 वर्ष)
लक्ष्मीनारायण गुप्ता (22 वर्ष)
विकास नन्द गुप्ता (27 वर्ष)
सुनील गुप्ता (35 वर्ष)
अंकित कुमार गुप्ता (21 वर्ष)
अरविन्द गुप्ता (30 वर्ष)
मनोज कुमार गुप्ता (30 वर्ष)
रामनारायण गुप्ता (50 वर्ष) शामिल हैं।
आरोपियों ने सामूहिक रूप से जमीन विवाद में हमला किया था और उनके खिलाफ साक्ष्य पर्याप्त मिलने पर सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

Categorized in: