आबकारी की टीम को देखकर भागने का प्रयास, पि_ू बैग में मिला 65 नग इंजेक्शन
अंबिकापुर। कार में नशीला इंजेक्शन लेकर खपाने की फिराक में लगे एक व्यक्ति को गुरूवार को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने कब्जे में लिया था, वहीं मुख्य आरोपी भागने में सफल हो गया था, जिसे आबकारी की टीम ने साड़बार से गिरफ्तार कर लिया है। भगोड़े आरोपी के पास बैग में 25 नग रेक्सोजेसिक और 40 नग एविल इंजेक्शन बरामद किया गया। इसके पहले गुरूवार को की गई बड़ी कार्रवाई में आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने 2413 नग नशीला इंजेक्शन बरामद किया था।
संभागीय उड़नदस्ता टीम को 10 जुलाई की शाम को गस्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नशीला इंजेक्शन और कार को छोड़कर फरार हुआ आरोपी देवेंद्र सिंह साड़बार के पास अपनी बाइक से नशीले इंजेक्शन के डिलीवरी करने के लिए आया है। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने साड़बार स्मृति वन के पास घेराबंदी करके देवेंद्र सिंह को पकड़ा। इस बार भी देवेंद्र सिंह भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। उसके पीठ पर टंगे पि_ू बैग की तलाशी लेने पर उसमें 65 नग इंजेक्शन मिला। आरोपी को पूर्व के अपराध व वर्तमान मामले में गिरफ्तार करके न्यायालय में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल करने का आदेश प्राप्त हुआ। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के द्वारा अपने सहयोगियों के साथ की गई।
अंडरग्राउंड रहकर बेरोजगारों से कराता था नशे का व्यापार
रंजीत गुप्ता ने बताया कि देवेंद्र सिंह अंबिकापुर एरिया में सबसे बड़े नशीले इंजेक्शन के डीलर के रूप में काम कर रहा था, जिसे पकड़ने में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सफल हुई है। 9 जुलाई को मौके से फरार होने के बाद देवेंद्र सिंह को पकड़ना टीम के लिए एक चैलेंज था क्योंकि आरोपी डीलर अंडर ग्राउंड रहकर इंजेक्शन का व्यापार बेरोजगारों से कराता था। देवेंद्र सिंह को पकड़ने के लिए उन्होंने सूचना तंत्र को फैला दिया था, इसके परिणाम स्वरूप अगले दिन ही आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। नशीले इंजेक्शन के फैले मकड़जाल को समाप्त करने उड़नदस्ता टीम के द्वारा की जा रही अनवरत कार्रवाई से नशा के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है।

Categorized in: