अंबिकापुर। साप्ताहिक बाजार में मुर्गा दुकान के पास खड़े युवक पर गड़ासा से जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। इस दौरान बीच-बचाव कर रहा एक अन्य व्यक्ति भी धारदार गड़ासा के वार से जख्मी हो गया। घटनास्थल पर बढ़ती भीड़ को देखकर आरोपी मौके से भाग गया।
सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम धरमपुर, चिकनी निवासी सुरेश मानिकपुरी पिता बिफल राम मानिकपुरी 38 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि 9 जुलाई को शाम करीब 5.30 बजे वह सोनगरा के साप्ताहिक बाजार में घूम रहा रहा था, और उसका भाई संतोष मानिकपुरी बाजार में ही कपिल के मुर्गा दुकान तरफ खड़ा था, इसी दौरान 5.30 से 6 बजे के बीच उसका भाई संतोष बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा। जब वह दौड़ते हुए मौके पर गया तो उसके भाई संतोष मानिकपुरी को सोनगरा निवासी संतोष गोड़ गड़ासा से हमला करके जमीन में गिरा दिया था। दलेश्वर मानिकपुरी बीच-बचाव कर रहा था, उस पर भी संतोष गोड़ गड़ासा से हमला कर दिया, जिसमें उसके बाएं हाथ के पंजा से खून निकलने लगा। शोर-शराबा सुनकर लोगों को जमा होते देखकर संतोष गोड़ वहां से भाग गया। जान से मारने की नियत रखकर गड़ासा से किए गए हमले में संतोष मानिकपुरी और दलेश्वर मानिकपुरी जख्मी हो गए थे। घटनास्थल पर काफी खून बह रहा था। दोनों घायलों को अलग-अलग मोटरसायकल में बैठाकर भटगांव के शासकीय अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक चिकित्सा के बाद संतोष मानिकपुरी को आई गंभीर चोंट को देखते हुए चिकित्सक ने रेफर कर दिया, उसका होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में इलाज चल रहा है। सुरेश मानिकपुरी ने पुलिस को बताया है कि आरोपी संतोष गोड़ से सोनगरा में स्थित भूमि के कब्जा को लेकर विवाद चल रहा है, इसी को लेकर वह रंजिश रखते हुए जानलेवा हमला जैसी घटना को अंजाम दिया है। मामले में अपराध दर्ज करके पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: