प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनमन योजना के तहत 3 माह पूर्व किया गया निर्माण
लखनपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट जनमन योजना के तहत राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों, कोरवा जनजाति को मुख्य धारा से जोड़ने कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। योजनांतर्गत कोरवा जनजाति के लोगों को प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, पक्की सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं निर्माण कार्य में अधिकारियों और ठेकदारों की मिलीभगत से जमकर भ्रटाचार हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण ग्राम बेलदगी में 83 लाख रुपये से अधिक व्यय करके बनाई गई सड़क है, जो पहली बारिश भी झेल नहीं पाया। तीन माह में सड़क की हुई दुर्गति को देखकर अधिकारी, ठेकेदार के सांठगांठ की तस्वीर सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर विकासखंड के ग्राम बेलदगी में जनमन योजना के तहत डामरीकृत सड़क का निर्माण कराया गया है। अधिकारियों की लापरवाही कहें या ठेकेदार से जुगलबंदी, तीन माह पहले बनी इस सड़क में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं और सड़क उखड़ना शुरू हो गया है। सड़क की स्थिति को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि योजना के तहत ग्राम बेलदगी मुख्य मार्ग से मुड़ापारा तक 83.93 लाख की लागत से 1.215 किलोमीटर सड़क का निर्माण मायापुर अंबिकापुर के ठेकेदार मेसर्स नित्यानंद सिंह द्वारा 20.03.2025 को कराया गया है, जिसकी पोल चंद महीने में खुल गई है। डामरीकृत सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। अब देखने वाली बात होगी कि भ्रष्टाचार के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार को कार्रवाई की जगह अभयदान मिलता है, या फिर कार्रवाई होती है।
विधायक ने मामले को संज्ञान में लिया
लुण्ड्रा विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू ने बताया कि नवनिर्मित सड़क में दरार और उखड़ने का मामला संज्ञान में आया है, इससे विधायक प्रबोध मिंज भी वाकिफ हंै। विभाग के एसडीओ से बात करने पर उन्होंने सड़क मार्ग में सुधार कार्य के लिए कहा है। विभाग के अधिकारी और ठेकेदार के लापरवाही के कारण घटिया स्तर का निर्माण हुआ है।
अधिकारी-ठेकेदार के विरूद्ध हो कार्रवाई
बेलदगी के ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार और अफसर की मिलीभगत से घटिया सड़क का निर्माण किया गया है। सड़क निर्माण कार्य के पूर्व रिटर्निंग वॉल का निर्माण नहीं होने से मिट्टी का कटाव हो रहा है, जिस कारण यह सड़क टिकाऊ नहीं है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सड़क बनने के बाद रिटर्निंग वॉल का निर्माण
ग्राम बेलदगी के मुख्य मार्ग से मुड़ापारा तक डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नियमों को ताक पर रखकर रिटर्निंग वाल का निर्माण किया जा रहा है। रिटर्निंग वॉल निर्माण से पहले ही सड़क के किनारे की मिट्टी का कटाव होना शुरू हो गया है। ग्रामीणों को कहना है कि जब तक सड़क के लेबल तक रिटर्निंग वॉल का निर्माण नहीं किया जाएगा, तब तक मिट्टी का कटाव होता रहेगा, सड़क किसी काम की नहीं रहेगी।

Categorized in: