रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम राजधानी रायपुर में शुरू हुआ है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सीएम विष्णुदेव साय ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि अगर आप अपना काम ईमानदारी से करते हैं तो जनता खुद आपको आगे बढ़ा देती है। सीएम ने कार्यक्रम में अपनी राजनीति जर्नी भी शेयर की।

सीएम ने बताया अपना संघर्ष
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- मैने भी पंच से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की है। हमारा जीवन भी संघर्ष में रहा है। 10 साल की उम्र में पिता का साया उठ गया। सामने विधवा मां थी, दादी थी। खेती बाड़ी थी, पढ़ाई करनी थी। 5 साल तक पंचायत का पंच रहा फिर गांव के लोगों ने निर्विरोध सरपंच बना दिया। उसके बाद विधायक बना। तब से जनता मुझे मका देते आ रही है। सच्ची भावना से सेवा करेंगे तो जनता खुद आपको आगे बढ़ाएगी।

3 दिन चलेगा कार्यक्रम
रायपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के प्रशिक्षण का कार्यक्रम 3 दिनों तक चलेगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मौजूद हैं। 5 जुलाई से 7 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण सेशन रखे गए हैं।

सीएम ने सभी को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सभी के ऊपर पंचायती राज की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। पीएम का संकल्प है 2047 तक भारत को विकसित करना है। 24 घंटे में 18 घंटे काम करने वाले पीएम हमें सौभाग्य से मिले हैं। उन्होंने अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से चौथे स्थान पर लाकर खड़ाकर दिया है।

सभी की जिम्मेदारी भारत को विकसित बनाएं
हम सब की जिम्मेदारी है कि भारत को विकसित बनाएं, छत्तीसगढ़ के लिए भी हमने विजन डॉक्यूमेंट बनाए हैं। इस विजन को पूरा करने के लिए आप सभी रीढ़ की हड्डी हैं। आप अपने जिले का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं। मेरे जीवन में कई ऐसे व्यक्ति देखे हैं जिन्होंने अकेले बड़ी मिसाल कायम किया है। इस कार्यक्रम में डेप्युटी सीएम और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे।

Categorized in: