मामला धोखाधड़ी करके जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद धमकाने का, 4 आरोपी फरार

बलरामपुर। कूटरचना करके षड्यंत्रपूर्वक ग्रामीण की जमीन रजिस्ट्री कराने में शामिल एक और आरोपी को झारखंड से बरियों चौकी पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है।

जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के पुलिस चौकी बरियों अंतर्गत ग्राम भेसकी निवासी भईरा राम पिता स्व. चुटरू पहाड़ी कोरवा 65 साल, 22 अप्रैल 2025 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया था। जांच के दौरान संतराम, सुखमनिया, बसंत, भाला, भिन्सारी पहाड़ी कोरवा ने बताया था कि नवम्बर 2024 में विनोद अग्रवाल उर्फ मघु तथा प्रवीण अग्रवाल के द्वारा अपने साथियों के साथ छलपूर्वक मृतक भईरा की पत्नि जुवारो बाई को चुपचाप तहसील कार्यालय राजपुर ले जाकर जमीन का रजिस्ट्री शिवाराम नगेशिया निवासी ग्राम नवकी के नाम से कराया गया था। इसके बाद विनोद अग्रवाल उर्फ मघु, प्रवीण अग्रवाल व उसके साथी सुदामा, राजू, राजेन्द्र, पिन्टू, दिलीप तिग्गा, मृतक भईरा जहां भी मिलता था उसको धमकाते थे कि तुम्हारा जमीन अब हमारा हो चुका है, तुम यहां से भाग जाओ। इनके द्वारा मारने-पीटने की धमकी देकर प्रताड़ित किया जा रहा था। इससे परेशान होकर मृतक भईरा राम आत्महत्या कर लिया। बरियों पुलिस ने मामले में विनोद अग्रवाल उर्फ मघु, प्रवीण अग्रवाल, सुदामा, राजू, राजेन्द्र, पिन्टू, दिलीप तिग्गा के विरूद्ध धारा 108, 3 (5) बीएनएस व 3 (2) (5) एससी, एसटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस पूर्व में दो आरोपी दिलीप तिग्गा और पिन्टू उर्फ चतुर्गुण यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दी थी। प्रकरण का फरार आरोपी सुदामा उर्फ बाबूलाल श्रीवास्तव पिता मोहित लाल श्रीवास्तव 46 वर्ष, निवासी बरियों मंदिरपारा गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने इसे ग्राम सहजनवा, थाना पाकी, जिला पलामू झारखंड से गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।

Categorized in: