सर्चिंग के दौरान पुलिस ने लुटेरों की बाईक व एक देशी कट्टा किया बरामद

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)। एमसीबी जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र भरतपुर विकासखण्ड के हरचौका बाजार से घर जा रहे दो व्यापारी भाईयों को बाईक सवार अज्ञात लुटेरों ने घात लगाकर अपना निशाना बनाकर गोली मार दी और दोनों व्यापारी भाईयों से लाखों के जेवरात व नगदी लूटकर फरार हो गए । गंभीर रूप से घायल दोनों व्यापारी भाईयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर जनकपुर थाना पुलिस तत्काल हरकत में आकर अज्ञात लुटेरों की पतासाजी में जुट गई है। पतासाजी के दौरान पुलिस ने लुटेरों की बाईक व एक देशी कट्टा बरामद किया है। लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है तथा दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकियारी निवासी दो सराफा व्यापारी भाई ब्रम्हानंद सोनी एवं अनिल सोनी गुरुवार को भरतपुर के हरचौका साप्ताहिक बाजार में व्यापार करने गए हुए थे। बाजार खत्म होने के बाद शाम 6 बजे के आसपास वे अपने दोपहिया वाहन से वापस सकियारी अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में माड़ीसरई के पास जंगल क्षेत्र में घात लगाए बैठे अज्ञात लुटेरों ने उन्हें रोककर लूटपाट करने की कोशिश की जिसका दोनों व्यापारी भाईयों द्वारा विरोध करने पर अज्ञात लुटेरों ने दोनों व्यापारियों के कंधे पर गोली चला दी। जिससे दोनों व्यापारी भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और अज्ञात लुटेरे उनसे लाखों रुपए के जेवरात व नगदी लूटकर भाग निकले।

घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों व्यापारियों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर ले जाया गया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद ब्रह्मनंद सोनी की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल शहडोल रेफर कर दिया गया है जबकि अनिल सोनी का ईलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जनकपुर में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जनकपुर थाना पुलिस तत्काल घटना स्थल पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर घटना स्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर अज्ञात लुटेरों के पतासाजी में जुट गई। पतासाजी के दौरान पुलिस ने अज्ञात लुटेरों की बाईक व एक देशी कट्टा पड़ा हुआ बरामद किया है। बताया जा रहा है कि लूट की वारदात के बाद अज्ञात लुटेरों ने भागते समय एक राहगीर को ठोकर मार दिया था जिससे राहगीर को गंभीर चोट आयी है उसे भी जिला अस्पताल शहडोल रेफर किया गया है। लुटेरे राहगीर को ठोकर मारने के बाद बाईक छोड़ कर पैदल ही भाग निकले। भागते समय उनका कट्टा भी गिर गया था। पुलिस ने पतासाजी के दौरान बाईक व कट्टा बरामद किया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी ने घटना के समय किसी संदिग्ध को देखा हो या किसी प्रकार की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि अज्ञात लुटेरे लूट की वारदात को अंजाम देकर मध्यप्रदेश की सीमा की ओर भाग निकले होंगे। पुलिस द्वारा तत्परता के साथ मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि लगभग दस लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को केल्हारी व कोटाडोल थाना की पुलिस सक्रियता के साथ लुटेरों के पता-तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को उम्मीद है कि अज्ञात लुटेरे जल्द ही पुलिस गिरफ्त में आ जायेंगे।

Categorized in: