ट्रक-कार की भिड़ंत में एक ही परिवार के 3 की मौत

 स्कार्पियो के चालक ने 3 महिलाओं को रौंदा

ऑटो-पिकअप की भिडं़त में 2 युवकों की मौत

ट्रक की ठोकर से एक युवक की मौत, 2 घायल

अंबिकापुर। सरगुजा में रविवार-सोमवार को हुए चार सड़क हादसों में 9 की जान चली गई, वहीं सोमवार की शाम को गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रक के चालक ने बाइक सवारों को ठोकर मार दिया, जिसमें एक की मौत हो गई, तीन घायलों का उपचार चल रहा है। रविवार को गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग में सकालो जंगल के पास हुई भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, वाहन चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मणीपुर थाना क्षेत्र में हुए दो हादसों में बेकाबू स्कार्पियो वाहन के चालक ने तीन महिलाओं को रौंद दिया, वहीं ट्रक के चालक ने ऑटो सवारों को टक्कर मार दी, पांचों की दर्दनाक मौत हो गई। कुछ लोग घायल हो गए। सोमवार की शाम को पुन: हुए एक सड़क हादसे में ट्रक की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, दो घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, दुप्पी चौरा राजपुर निवासी कईला राम 45 वर्ष व सोनू केरकेट्टा को जमीन अधिग्रहण के बदले में एसईसीएल में नौकरी मिली है, दोनों कोरबा में एक साथ रहते हैं। रविवार को कईलाराम अपनी पत्नी मानमती 40 वर्ष व पुत्र राहुल टोप्पो व साथी कार चालक सोनू के साथ कार में गृहग्राम आने के लिए निकले थे। सुबह करीब 5 बजे कार से अंबिकापुर आते समय प्रतापपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। भीषण हादसे में कईलाराम, उनकी पत्नी व पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। घटना में कार चालक सोनू केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गया, इसका उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में चल रहा है। घायल की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे की ओर गंभीर संकेत दे रहा है। प्रशासन और आम जनता दोनों को मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होना होगा, तभी इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

बेकाबू स्कार्पियो का चालक तीन महिलाओं को रौंदा

शहर के मणिपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे-130 में रविवार को हुई दो घटनाओं में तीन महिलाओं सहित 5 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में बेकाबू स्कार्पियो वाहन का चालक 3 महिलाओं को रौंदते हुए भागा और एक अन्य महिला को चपेट में ले लिया, घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। दूसरी घटना में ऑटो सवारों को पिकअप का चालक तेज रफ्तार में ठोकर मार दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जोगीबांध में हुए हादसे में मृत महिलाओं का सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। स्वजन शव लेकर गृहग्राम पहुंच पाते, इसके पहले आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम जोगीबांध के पास टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया, जिससे अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग में चार घंटे से अधिक यातायात बाधित हो गया।

जानकारी के मुताबिक, भि_ीकला में हर रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जिस कारण यहां काफी भीड़ जमा रहती है। जोगीबांध निवासी जय प्रकाश राजवाड़े ने पुलिस को बताया है कि 05 अप्रैल को उसकी मां मुन्नी बाई पति धनसाय 50 वर्ष, चाची सामपति पति तिलसाय राजवाड़े 55 वर्ष एवं दादी राम बाई पति जूठन राम 50 वर्ष ग्राम भि_ीकला बाजार गए थे। शाम करीब 6.30 बजे बाजार करके तीनों अपने घर जोगीबांध एनएच 130 से होते हुए आ रहे थे। ग्राम भि_ीकला में मंजय सिंह के दुकान के पास मुख्य मार्ग में पहुंचे थे, इसी दौरान अंबिकापुर की तरफ से आ रहे स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874 का चालक पारस ऊर्फ सोनू पिता भगवान निवासी रामपुर स्कार्पियों वाहन को तेज और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए तीनों को चपेट में ले लिया, जिससे तीनों मौके पर गिर गए और अचेत हालत में पड़े थे। इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजवाया गया, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद तीनों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एक अन्य महिला आयुशी के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो घटना के बाद आगे जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराकर रूक गई। हादसे के बाद एनएच में लम्बा जाम लगा रहा। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो से भाग रहे ड्राइवर को दौड़ाकर पकड़ा और जमकर पीटा, और शाम को ही शव को हाइवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे काफी देर तक जाम लगा रहा। सोमवार को पुन: आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच में चक्काजाम कर दिया था, जिससे सड़क मार्ग में दोनों और वाहनों की लम्बी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और स्कार्पियो वाहन के चालक को मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ के बीच से कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले में स्कार्पियो वाहन के चालक पारस ऊर्फ सोनू को गिरफ्तार करके अपराध दर्ज कर लिया है। घटना से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

पिकअप और ई-रिक्शा की भिड़ंत में चालक सहित दो की मौत

थाना इंचार्ज ने अपने वाहन से पहुंचाया अस्पताल

शहर में मणिपुर थाना क्षेत्र में पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। बीती रात हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अंबिकापुर मठपारा निवासी विशाल साहू पिता सदाराम साव 20 वर्ष, ऑटो से सवारी छोड़कर बिलासपुर रोड से अंबिकापुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में अंबिकापुर से लखनपुर की तरफ जा रहे पिकअप से मणिपुर थाना से कुछ फासले पर आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक विशाल और मठपारा निवासी बादल नगेसिया पिता अनिल नगेसिया फंसे रह गए। हादसे की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना प्रभारी, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ई-रिक्शा में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालने के बाद मणीपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने एंबुलेंस का इंतजार किए बगैर अपने निजी वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। विशाल की मौके पर ही मौत हो गई थी, बादल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त करके पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

एनएच पर 4 घंटे से अधिक चक्काजाम

मणीपुर थाना क्षेत्र में स्कार्पियो की ठोकर से हुई तीन महिलाओं की मौत के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-130 पर जोगीबांध के पास सड़क के बीचों-बीच टायर जलाकर चार घंटे से अधिक चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। एक घंटे से अधिक जाम की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी गई, ग्रामीण इसे अपर्याप्त बताते हुए अधिक मुआवजा की मांग पर अड़े रहे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मामले में उचित कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद करने आश्वस्त किया है। एसडीएम की ओर से लिखित में 30 दिन के अंदर पुलिस के द्वारा चालान पेश करने और न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार अतिरिक्त मुआवजा देने, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट नियमानुसार लगाए जाने, पुलिस द्वारा चेक पॉइंट लगाने के लिए आश्वस्त किया है। काफी समझाइश के बाद चक्काजाम हटा, और वाहनों का आना-जाना शुरू हुआ। सड़क जाम रहने से शव वाहन भी घंटों फंसे रहे।

 

सड़क हादसे में गई प्रधान पाठक की जान, अन्य घायलों का चल रहा इलाज

रामानुजगंज। दो बाइकों की टक्कर में प्रधान पाठक की मौके पर मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए। घटना ग्राम चिड़िया मोड़ के पास लगभग 3.30 बजे की है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत के मृतक की पहचान सलवाही नवापारा में पदस्थ प्रधान पाठक दयाशंकर सिंह मरकाम के रूप में हुई है। वे अपने साथी अनिल मरकाम के साथ बैंक के काम से रामानुजगंज आ रहे थे। इस दौरान गलत साइड से संतोषी नगर पिपराही निवासी बाइक सवार युवकों से मोड़ पर जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दयाशंकर सिंह मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई, उनके साथी अनिल मरकाम घायल हो गए। दूसरी बाइक में सवार संतोषी नगर पिपराही निवासी विक्रम और सूरज मंडल को भी गंभीर चोटें आई है। घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस से रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, यहां इनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बलरामपुर जिले में नौजवान युवकों के द्वारा शहर की सड़कों से लेकर ग्रामीण सड़कों पर तीव्र गति से खुलेआम बाइक चलाया जा रहा है। यही हाल रहा तो लोग काल के गाल में समाते रहेंगे।

Categorized in: