बतौली। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन मे थाना बतौली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुये दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने घर, पड़ोस में शराब पीने से रोकने-टोकने पर नाराज होकर लकड़ी के गेड़ा और फाड़ी से हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त सामान और मृतक का मोबाइल, टांगी जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम पोकसरी निवासी बिन्द्रा राम पिता स्व. भगवन राम 60 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 19 जून को गांव का जानचंद पड़ोस में उसके छोटे भाई संतलाल के घर में शराब पी रहा था, तब संतलाल उसको टोका था। इसी बात से संतलाल का जानचंद से झगड़ा-विवाद हुआ था। 20-21 जून की दरम्यानी रात करीब 12.30 बजे मोटरसायकल से जानचंद और सुखऊ, मारपीट करने की नीयत से संतलाल के घर खोजबीन करते पहुंचे थे और जान से मारकर रहेंगे, कहते हुए गाली-गलौज कर रहे थे, जिसे आसपास के लोग सुने थे। बिन्द्रा राम को सुबह सूचना मिला कि संतलाल का शव ग्राम पोकसरी बंधवाटिकरा के बंधवागुड़ी स्थल के पास पड़ा है। जब वह मौके पर गया तो संतलाल मृत हालत में पड़ा था। संतलाल के सिर, चेहरा, कंधा, पीठ में चोट का निशान था और खून निकला था। पास में लकड़ी का गेड़ा, लकड़ी फाड़ी, कुछ दूर में मृतक का मोबाइल फोन और टांगी पड़ा था। घटना दिवस की रात जानचंद और सुखऊ मिलकर संतलाल को खोज रहे थे इसलिए इन पर ही हत्या का संदेह जताते हुये मामले की रिपोर्ट बतौली थाने में दर्ज कराई गई थी, जिस पर थाना बतौली में धारा 103(1), 332 (क), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था।

मामले में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस को आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करके मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की हत्यात्मक प्रवृत्ति सामने आने पर पुलिस ने संदेहियों को पकड़ा और पूछताछ की तो जानचंद पिता रघन सिंह 23 वर्ष व सुखऊ राम पिता महावीर 24 वर्ष ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिव कुमार ध्रुव, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का, जितेंद्र सिंह, भगलू पैकरा, संतोष बरवा, नितेश पाठक, रवि सिंह,विजय सिंह, अशोक खेश, सैनिक सलीम, बजरंग, आसान सक्रिय रहे।

Categorized in: