अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना अंतर्गत एक युवती का तेन्दुपत्ता प्रबंधक के पद पर नौकरी लगवाने के नाम 3 लाख रुपये लेने की ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस चैकी रेवटी अंतर्गत आने वाले ग्राम बटई निवासी रामजतन पिता स्व. महिपत गोंड़ 53 वर्ष, ने पुलिस को बताया है कि वर्ष 2024 में ग्राम नरोला में रहने वाले जीजा जानसाय मरावी को वह लड़की मनोरमा का तेन्दुपत्ता प्रबंधक के लिए फार्म भरवाने की जानकारी दिया। इसके बाद जीजा ने बताया कि वह भी अपनी लड़की की नौकरी लगाने के नाम पर ग्राम मानी के अब्दुल रहीम को पैसा दिया है। इसके बाद वह अपने जीजा जानसाय के साथ अब्दुल रहीम से संपर्क किया तो उसने नेताओं के बीच अच्छी पैठ होने की बात कहते हुए लड़की मनोरमा की नौकरी तेन्दुपत्ता प्रबंधक के पद पर गारंटी के साथ लगवा देने की बात कही और तीन लाख रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। इसके बाद वह रुपये की व्यवस्था करके अब्दुल रहीम को 20.10.2024 को ग्राम धोन्धा में 85 हजार रुपये दिया। इसके बाद शेष रकम प्रतापपुर में 24.10.2024 को 81 हजार रुपये, 28.10.2024 को 45 हजार रुपये, 06.11.2024 को 60 हजार रुपये और 09.11.2024 को 29 हजार रुपये, कुल 3 लाख रुपये दे दिया। इसके बाद न तो उसकी लड़की का नौकरी लगा और न ही वह पैसा वापस किया। लड़की की नौकरी का आदेश पत्र मांगने पर वह गुमराह करते आ रहा है।

Categorized in: