अंतर्राज्यीय गिरोह के चार लोगों को सूरत, गुजरात से गिरफ्तार करके लाई पुलिस
अंबिकापुर। द ग्लोबल करेंसी नामक कंपनी में रुपये लगाने पर दोगुना होने का झांसा देकर 12 लाख 65 हजार 200 रुपये यूपीआई आईडी से ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को सूरत, गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 64 हजार रुपये नगद, 2 लैपटॉप, 6 मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह यादव पिता महेश्वर यादव 24 वर्ष लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम भेडिय़ा धौरपुर का रहने वाला है। 20 फरवरी को उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना परिचय द ग्लोबल करेंसी नामक कंपनी का नाम लेकर दिया। उसने बताया कि कंपनी में रुपये इन्वेस्ट करने पर दोगुना रकम का लाभ वे ले सकते हैं। मुलायम सिंह इसके झांसे में आ गया और अपना रुपये डबल कराने के उद्देश्य से 20 से 25 फरवरी 2023 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 12 लाख 65 हजार 200 रुपये यूपीआई आईडी से ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति अपना मोबाइल बंद कर दिया। ठगी का शिकार होने पर मुलायम सिंह ने इसकी रिपोर्ट लुण्ड्रा थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। आईजी रामगोपाल यादव व प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया। साइबर सेल की मदद से तकनीकी जानकारी प्राप्त होने पर टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुजरात रवाना हुई थी। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मामले में संदेही अर्जून बेहरा पिता अर्जुन बेहरा 36 वर्ष निवासी एकतानगर एक रोड सूरज थाना बराछा जिला सूरज गुजरात, कालूचरण आपाटा पिता सउरा आपाटा 33 वर्ष निवासी नंदियागोडा थाना कबिसूर्यानगर जिला गंजाम उड़ीसा, युसूफ बना गाडावाला पिता आरून रशीद गाडावाला 32 वर्ष निवासी रांदेर अमलीपुरा थाना रांदेर जिला सूरत गुजरात व साद आसिफ शेख पिता आसिफ शेख उम्र 29 साल निवासी रांदेर अमलीपुरा थाना रांदेर जिला सूरत गुजरात को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने घटना करना स्वीकारा। चारों अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस सरगुजा लाई और इनके खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दी है। कार्रवाई में निरीक्षक रजनीश सिंह, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर सउनि दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक संतकुमार चौहान, सुधीर सिंह, आरक्षक बिरेन्द्र पैकरा, सुयश सिंह, बहादुर एक्का, नरेश सिंह, संजय नागेश, अरविंद तिवारी शामिल रहे।

Categorized in: