पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालकों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
दो ज्वेलरी दुकान संचालक भी पुलिस की कार्रवाई के घेरे में आए

अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने नमनकला में स्थित सूने मकान से नगदी और एक लाख रुपये के आभूषण चोरी के मामले में 02 विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घर से चुराए गए सोने-चांदी के जेवर व नगदी बरामद करने में पुलिस सफल हुई है।

नमनाकला अंबिकापुर निवासी अमित कुमार सिन्हा ने बीते आठ जुलाई को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि छह जुलाई को सायं 6 बजे से 06.30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके घर के अंदर घुसकर सोने का चैन, सोने का नथिया, सोने का कान का जेवर, सोने का अंगूठी, चांदी का पायल, बिछिया, घड़ी, मोबाइल एवं नगदी 3000 रुपये चोरी कर लिया है। कुल एक लाख 10 हजार रुपये की चोरी का आंकलन पुलिस ने किया था। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 331(3), 305 (ए), 317(2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के संदेहियों की तलाश शुरू की और संदेही सागर कश्यप उर्फ छोटका 19 वर्ष निवासी नमनाकला झंझटपारा को पकड़कर पूछताछ की तो उसने विधि से संघर्षरत दो बालकों के साथ मिलकर सूने मकान से चोरी की घटना करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपी के निशानदेही पर मामले में शामिल दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर पूछताछ की तो दोनों विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा आरोपी सागर कश्यप के साथ मिलकर चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया। मकान से चोरी किए गए सामान के बारे में पूछताछ करने पर 02 नग सोने की अंगूठी को पूनम ज्वेलर्स सदर रोड के संचालक को बिक्री करना एवं 01 जोड़ी पायल एवं बिछिया को गोपाल ज्वेलर्स सदर रोड के संचालक को बिक्री करने की जानकारी दी। शेष चोरी किया हुआ संपत्ति विधि से संघर्षरत बालकों के पास मिला। पुलिस ने सोना-चांदी के जेवर खरीदने वाले गोपाल सोनी 35 वर्ष निवासी महामाया पारा नहर रोड घुटरापारा एवं आनंद सोनी 30 वर्ष निवासी कामेश्वरनगर, थाना सनावल, हाल-मुकाम मायापुर अंबिकापुर को पकड़कर घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने विधि से संघर्षरत बालक से सोना-चांदी का जेवर लेना स्वीकार किया। खरीददार आरोपी गोपाल सोनी (गोपाल ज्वेलर्स) से 01 जोड़ी चांदी का पायल एवं 05 नग बिछिया एवं आनंद सोनी (पूनम ज्वेलर्स) के कब्जे से 02 जोड़ी सोने की अंगूठी बरामद किया है। विधि से संघर्षरत बालकों एवं अन्य बालिग आरोपी के निशानदेही पर सूने मकान से चोरी किया गया शत-प्रतिशत संपत्ति, सोने चांदी का जेवर सहित घड़ी बरामद किया गया है। विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह एवं सागर कश्यप को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा है। मामले में शामिल खरीददार आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस के निहित प्रावधानों के अनुसार धारा 35 (3)(4) के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक रजनीकांत मिश्रा, आरक्षक विवेक राय, रमन मण्डल, मंटू गुप्ता, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: