महिला एवं बाल विकास अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने का दिया था झांसा  

अंबिकापुर। महिला एवं बाल विकास अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, एक फरार है। आरोपी ने मंत्रालय तक पहुंच बताकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया था।


जानकारी के मुताबिक मंत्रालय तक पहुंच बताकर संजय कुमार गुप्ता और किशोर कुमार गुप्ता के द्वारा महिला बाल विकास अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने का प्रलोभन देकर दो युवतियों से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। आरोपियों ने इनसे नगद 07 लाख रुपये एवं शेष 03 लाख रुपये बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर कराया था। इसकी रिपोर्ट बीते 22 फरवरी को युवतियां दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 420, 34 भादंसं का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 27 फरवरी को नोटिस जारी करके थाना में उपस्थित होने कहा, लेकिन इनके द्वारा किसी प्रकार की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। आरोपी संजय कुमार गुप्ता नेे पूछताछ के दौरान किसी प्रकार सहयोग नहीं किया। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की और गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के गिरफ्तारी में थाना गांधीनगर से सहायक उपनिरीक्षक राकेश मिश्रा, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अनिल परिहार, सायबर सेल से प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: