रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी)- साढे आठ करोड़ रुपए लागत से महामाया  मंदिर के समीप कन्हर नदी में बने एनीकट का गेट इस वर्ष भी पूरा नहीं खुल पाया नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के लगातार अपील के बाद भी जल संसाधन विभाग के द्वारा एनीकट के 6 गेटों में से मात्र दो ही गेट को खुलवाया गया जिससे अब एक बार फिर एनीकट में पानी के स्टोरेज की समस्या खड़ी हो जाएगी एवं पूरे एनीकट परिसर में बालू भर जाएगा जिसका खामियाजा पुनः नगरवासियों को भुगतना पड़ेगा।

गौरतलब है कि नगर में उत्पन्न होने वाले भीषण जल संकट से निजात दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा कन्हर एनीकट का निर्माण करोड़ो रुपए की लागत से कराया गया था परंतु निर्माण के बाद से आज तक कभी भी एनिकट का गेट समय पर ना तो खुलता है और ना ही बंद होता है जिससे एनीकट का लाभ कभी भी नगर वासियों को नहीं मिल पाया। पिछले वर्ष भी एनीकट के सभी गेट नहीं खोले गए थे जिस कारण एनीकट में एक ओर एनीकट के बराबर रेत भर गया था। जिस कारण एनीकट का स्टोरेज छमता बहुत कम हो गया था। कन्हर एनीकट के सभी गेट खोलने हेतु नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के द्वारा लगातार मांग किये जाने के बाद एक सप्ताह पूर्व जल संसाधन विभाग के द्वारा एनीकट के 6 गेटों में से मात्र 2 गेटों को ही खुलवाया गया शेष चार गेट नही खोले गए जिससे आने वाली बारिश में एक बार फिर एनीकट में पानी की जगह पर रेत का स्टोरेज हो जाएगा और नगर की जनता पानी के लिए परेशान होगी।

शोपीस बनकर रह गया है एनीकट- साढ़े आठ करोड़ की लागत से निर्मित एनीकट जहां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया वही एनीकट के गेट समय पर नहीं खुलवाने एवं बंद करने के कारण यह मात्र शोपीस बनकर रह गया है। नगर वासियों के लिए इसकी कोई उपयोगिता साबित नहीं हो पा रही है। जल संसाधन विभाग द्वारा जिले के सबसे बड़े नगर में निर्मित एनीकट में इतना भ्रष्टाचार करते हुए जिस हिसाब से इसके देख रेख में अनियमितता बरती जा रही है उससे जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में विभाग के द्वारा किए गए कार्यो की गुणवत्ता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

तत्कालिक कलेक्टर ने लगाया था फटकार- पिछले वर्ष एनीकट का गेट समय पर नहीं खुलने पर तत्कालीन कलेक्टर संजीव कुमार झा ने जमकर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी परंतु कलेक्टर के फटकार के बाद भी विभाग की रवैया में सुधार नहीं हो पाया।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि कन्हर एनीकट के गेट को खुलवाने एवं एनीकट में आवश्यक सुधार कार्य के लिए मैंने कई बार गुजारिश की किंतु कोई सुधार नहीं हो सका अभी एनीकट का मात्र दो गेट ही खुल सका जिससे अब हम लोगों के सामने फिर से एनीकट में पानी स्टोरेज कम होने से गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। अभी भी मौका देखकर कन्हर नदी का जलस्तर कम होते ही एनीकट  के सभी गेट तत्काल खुलवाए जाने की आवश्यकता है। 

Categorized in: