अंबिकापुर। सरगुजा जिले केरजू क्षेत्र से नाबालिग छात्रा और एक युवती को दिल्ली में अच्छी नौकरी और वेतन का झांसा देकर ले जा रहे दो मानव तस्करों को रायगढ़ में गिरफ्तार किया गया है। परिजनों की सतर्कता से यह मामला खुला।
पुलिस के अनुसार, केरजू क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा और एक युवती को रायगढ़ जिले के दो युवकों विद्याभूषण लकड़ा निवासी सिहारजोर और देवलाल तिग्गा निवासी कमोसिनडांड कापू ने दिल्ली में अच्छे पगार पर काम दिलाने का झांसा दिया। दोनों के कहने पर नाबालिग और युवती बिना किसी को बताए घर से निकलकर उनके साथ चले गए। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने नाबालिग और युवती की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिजनों ने दोनों युवतियों को युवकों के साथ रायगढ़ में पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी और अपहरण का मामला दर्ज किया है। थाना में धारा 137(2), 143(1)(क), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने नाबालिग और युवती को प्रलोभन देकर बाहर ले जाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने अनजान लोगों से सतर्क करने कहा
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि, वे अपने बच्चों को नौकरी के नाम पर बहला-फुसलाकर ले जाने वाले अज्ञात लोगों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या संस्था की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
