कमलेश्वरपुर। सरगुजा में हुए दो दोहरे हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल दाखिल कर दिया है। थाना कमलेश्वरपुर पुलिस ने ग्राम बिसरपानी दारापारा में हुए दोहरे हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी को आपत्तिजनक हालत में युवक के साथ देखा था, इससे कुपित होकर वह अपनी पत्नी और युवक की फावड़ा से मारकर हत्या कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी एवं एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति की टीम को आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की शाम ग्राम बिसरपानी दारापारा निवासी सोमारू मझवार के घर मृतक बेंजे बड़ा 35 वर्ष, मृतिका नईहारो मझवार 32 वर्ष और नईहारो का पति बाबुलाल मझवार 35 वर्ष शराब के नशे में आए थे। तीनों आग ताप रहे थे इसी दौरान आपस में विवाद हुआ। विवाद के बाद सोमारू दूसरे घर में चले गया। 18 अगस्त की सुबह सोमारू आया तो बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार घर के अंदर खून से लथपथ मृत पड़े थे, बाबुलाल नहीं था। पुलिस जांच में पता चला कि बाबुलाल ने की चरित्र शंका को लेकर फावड़ा से पत्नी नईहारो और युवक बेंजे की हत्या की है। इसी क्रम में पुलिस ने संदेही बाबुलाल मझवार पिता बुधु मझवार, निवासी बिसरपानी तिलकपारा को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के दौरान पहने कपड़े जप्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। टीम में एएसआई बैजनाथ राम, एएसआई बबलू कुजूर, सायबर प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक विकास मिश्रा, अशोक यादव, अर्जुन पैकरा, बरन सिंह शामिल रहे।

Categorized in: