अंबिकापुर। छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के पावन अवसर पर हिंदू साम्राज्य दिवस का आयोजन नगर अंबिकापुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं नव जागरूक सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। सुबह नगर की विभिन्न 14 शाखाओं में शिवाजी महाराज के चित्रों की पूजा-अर्चना कर सन् 1674 में हुए ऐतिहासिक राज्याभिषेक को स्मरण किया गया। इस अवसर पर महाराज शिवाजी द्वारा कहे गए अमर वाक्य ‘यह राज्य शिवाजी का नहीं, धर्म का हैÓ का उल्लेख करते हुए, राष्ट्र और धर्म की सेवा में उनके योगदान को याद किया गया। शाम को छत्रपति शिवाजी चौक, गुदरी बाजार स्थित प्रतिमा स्थल पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. वी.के. वर्मा सेवानिवृत्त प्राचार्य, अशोक सिंह नगर संघ चालक अंबिकापुर एवं कृष्ण त्रिपाठी बौद्धिक प्रमुख विभाग, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मंचासीन रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों एवं समिति सदस्यों द्वारा शिवाजी महाराज की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 100 दीपों को प्रज्वलित कर राष्ट्र सेवा की प्रतीक भावना को प्रकट किया गया। स्वागत उद्बोधन रिंकू वर्मा द्वारा दिया गया, जिसमें नव जागरूक सेवा समिति के रचनात्मक कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। मुख्य वक्ता कृष्ण त्रिपाठी ने अपने सारगर्भित संबोधन में शिवाजी महाराज के जीवन के प्रेरक प्रसंगों, दूर दृष्टि और देशभक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने अफजल खान वध, कृष्ण भट्ट प्रसंग, जयसिंह मिर्जा की गद्दारी, शिवाजी महाराज की कूटनीति, राज्याभिषेक की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि सहित गागा भट्ट व गुरु रामदास के योगदानों का गहराई से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज केवल योद्धा नहीं बल्कि राजनीतिक और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक थे, इनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। भारत के हालिया ऑपरेशन सिंधु स्नाइपर जैसे सैन्य अभियानों में देश की शक्ति का परिचय मिलता है, परंतु चीन जैसे देश द्वारा समर्थन न देना दर्शाता है कि स्वदेशी अपनाना और आत्मनिर्भरता आज भी अनिवार्य है। आभार प्रदर्शन शैलेश सिंह पार्षद एवं समिति सदस्य द्वारा किया गया। मंच संचालन जयेश वर्मा ने किया। कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, इतिहास बोध और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Categorized in: