राजेंद्र ठाकुर (राजू)बलरामपुर
बलरामपुर जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम पंचायत भेलवाड़ीह के सचिव विष्णु पद मंडल का एक कथित ऑडियो इन दिनों जमकर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में जन्म प्रमाण पत्र को ऑफलाइन से ऑनलाइन करने के नाम पर पैसे मांगने की कथित बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो में कथित तौर पर सचिव कहते सुनाई दे रहे हैं कि जिला में डेढ़ सौ से दो सौ रुपये देना पड़ता है, नहीं तो चक्कर काटते रहना पड़ेगा।
इस वायरल ऑडियो की पुष्टि के लिए जब भेलवाड़ीह निवासी अजय गुप्ता से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र ऑफलाइन था। आधार कार्ड बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन कराना आवश्यक था। जब वे पंचायत सचिव के पास पहुंचे तो पहले रोजगार सहायक से रजिस्टर में एंट्री कराने को कहा गया। एंट्री के बाद भी उन्हें तीन-चार दिनों तक लगातार पंचायत और सचिव के घर के चक्कर कटवाए गए, लेकिन उनका काम नहीं हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि लगातार परेशान होने के बाद उन्होंने सचिव के साथ हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। उनका कहना है कि आज तक उनकी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन नहीं हुआ है और वे जनपद पंचायत से लेकर ग्राम पंचायत तक भटक रहे हैं।
अजय कुमार गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके गांव में ऐसे कई मामले हैं, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन करने के नाम पर लोगों को घुमाया जा रहा है और पैसे मांगे जा रहे हैं। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर दान-दक्षिणा की बात भी सुनाई दे रही है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि संबंधित सचिव स्थानीय राजनीतिक हलकों में प्रभावशाली माने जाते हैं।
