*आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर, नुकीला हथियार एवं खून लगा कपड़ा बरामद*

अम्बिकापुर। हत्या के प्रयास के मामले में सरगुजा पुलिस ने 72 घण्टे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बेवजह गाली-गलौज व रोकने-टोकने की बात को लेकर विवाद हत्या की वजह बनी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, नुकीला हथियार एवं खून लगा कपड़ा बरामद किया है।

कोतवाली थाना अंतर्गत सत्तीपारा में चाकूबाजी की सूचना पर उप निरीक्षक अशोक मिश्रा द्वारा जिला अस्पताल जाकर मामले में आहत आशुतोष चौबे पिता ओमकार चौबे 28 वर्ष निवासी नमनाकला से पूछताछ किया गया, तो आहत ने बताया कि घटना दिनांक 15 जून की रात को वह अपने भाई शुभम मिश्रा के साथ सत्तीपारा होते हुए नमनाकला की ओर जा रहा था। सत्तीपारा में बीच रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति अनायास गाली-गलौज कर रहा था। गाली देने से मना करने पर अज्ञात व्यक्ति रोड में पड़े पत्थर से सिर में हमला कर दिया। जब वह उक्त अज्ञात व्यक्ति को पकड़ने के लिए पंहुचा तो एक अन्य व्यक्ति द्वारा जान से मारने की नीयत से नुकीला हथियार छाती, पेट, पीठ पर कई जगह वार कर दिया। दोनों उसे गंभीर रूप से घायल कर मौक़े से फरार हो गए। मामले में आहत द्वारा आरोपियों को देखकर पहचान लेने की बात कही गई। आरोपियों का फोटो देखकर घायल युवक ने पहचान की, जिस पर धारा 307, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में प्रभारी पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में मामले के आरोपियों का पता-तलाश कर शीघ्र गिरफ्तार करने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक रुपेश नारंग एवं पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही थी। विवेचना दौरान आरोपी आकाश सिंह उर्फ चिक्की पिता प्रताप सिंह 25 वर्ष एवं विकास सिंह उर्फ निक्की पिता प्रताप सिंह 20 वर्ष दोनों निवासी सत्तीपारा को पकड़कर पुलिस पूछताछ की तो आरोपियों के द्वारा हत्या के प्रयास की घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर, नुकीला हथियार घटना के दौरान पहना हुआ कपड़ा बरामद किया गया हैं। कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी उप निरीक्षक रुपेश नारंग, उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित प्रताप सिंह, शिव राजवाडे, कुन्दन सिंह, रूपेश महंत, पुनेश्वर कश्यप, चंचलेस सोनवानी, इदरिश खान, सूरज राय, अमित राजवाड़े, बिजय सिंह, मोतीलाल केरकेट्टा शामिल रहे।

Categorized in: