सहकारी समितियों के निर्वाचित बोर्ड की बहाली एवं निर्वाचन की कार्रवाई प्रारंभ करने की मांग
भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा ने कलेक्टर को राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा द्वारा छत्तीसगढ़ सहकारी समितियों के निर्वाचित बोर्ड के कार्यकाल को समाप्त कर नियम विरूद्ध पदस्थ किए गए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों को हटाकर पुन: बोर्ड की बहाली करने एवं निर्वाचन की कार्रवाई प्रारंभ करने राज्यपाल के नाम कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जन्मेजय मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में अवगत कराया है कि वर्ष 2017 में निर्वाचित समस्त 1333 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स/लैंप्स) के बोर्ड को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सोसाइटियों के पुनर्गठन करने के नाम पर 25 जुलाई 2019 को असंवैधानिक तरीके से भंग कर दिया गया था। तत्पश्चात शासन के आदेशानुसार सभी सोसाइटियों में प्राधिकृत अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई थी। अधिकांश सोसायटियों के द्वारा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई व उच्च न्यायालय द्वारा 22 नवंबर 2019 को बोर्ड की पुन: बहाली का आदेश जारी किया गया। इस प्रकार लगभग चार माह तक अवैधानिक रूप से सोसाइटियों के बोर्ड को भंग कर प्राधिकृत अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई थी, जो सर्वथा नियम विरुद्ध था। छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 49 (7-क)(एक) में स्पष्ट प्रावधान है कि जहां किसी बोर्ड को अतिष्ठित या निलंबित किया गया हो या अधिनियम के तहत हटाया गया हो, किसी न्यायालय के या प्राधिकारी के आदेश के फलस्वरूप पुन: स्थापित हो जाती है। वहां वह कालावधि जिस दौरान वह (बोर्ड) यथास्थिति अतिष्ठित, निलंबित या पद पर नहीं रही है, पूर्वोक्त कार्यकाल की गणना करने में अपवर्जित कर दी जाएगी। उक्त अवधि की गणना सोसायटी के बोर्ड के कार्यकाल में नियमानुसार नहीं जोड़ा जाना चाहिए था, किंतु सोसाइटियों के निर्वाचन के प्रथम सम्मेलन की तारीख से पांच वर्ष व्यतीत होते ही बोर्ड के कार्यकाल के अवसान का उल्लेख करते हुए शासन द्वारा सोसाइटियों में प्राधिकृत अधिकारियों को पदस्थ कर दिया गया, जबकि उपरोक्त कारणों से सभी 1333 सोसायटियों के बोर्ड के कार्यकाल की अवधि का अवसान 4 माह पश्चात होना था। सरगुजा संभाग में 153 सहकारी समितियां है, जिसमें पूर्व की 104 समिति एवं नवगठित 49 समितियां हंै, उनका आज दिनांक तक निर्वाचन नहीं हुआ है। ज्ञापन सौपने के दौरान किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सोमनाथ सिंह, मनोज कंसारी, जिला उपाध्यक्ष काशी केशरी, नछत्तर सिंह, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष निरंजन राय, सुनील बघेल, दिवस दुबे, किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मनीष बारी, छोटेलाल माथुर, किसान मोर्चा के मंडल महामंत्री मनोज प्रसाद सहित किसान मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल रहे।

Categorized in: