बिश्रामपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर में प्रवेश हेतु आज सुरजपुर एसडीएम की उपस्थिति में ड्रा निकालकर बच्चों के एडमिशन प्रक्रिया को पूर्ण कराया गया। लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशानुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर में सत्र 2024-2025 में कक्षा पहली के लिए छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु 10 अप्रैल से 5 मई तक आवेदन जमा कराए जाने की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई थी। इसके पश्चात आवेदन पत्र की जांच उपरांत 11 मई को पात्र-अपात्र की सूची तैयार करके जारी किया गया था, जिसमें 13 मई तक दावा आपत्ति प्रस्तुत करने हेतु समय दिया गया था। 14 मई मंगलवार को सूरजपुर एसडीएम जगन्नाथ वर्मा की उपस्थिति में ड्रा निकालकर बच्चों के एडमिशन की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। ज्ञात हो कि यहां पर कक्षा पहली में एडमिशन हेतु आवेदन फार्म 152 प्राप्त हुए थे, जिसमें से पात्रों की संख्या 126 तथा अपात्र की संख्या 26 रही। यहां पर निर्धारित सीट में 5 सीट महतारी दुलार योजना अंतर्गत महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों हेतु सुरक्षित रखकर शेष सभी सीट हेतु नौनिहाल बच्चों के हाथों ड्रा निकलवाया गया।
ड्रा निकालने के दौरान मुख्य रूप से उपस्थित सुरजपुर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार पोर्ते, शासकीय आजाक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कलिस्ता अक्खड़, पूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष सैफुल्लाह, भाजपा नेता मो. इसराइल, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवधन राम बिंझिया, सरपंच विजय सिंह, पंचायत सचिव सियाराम राजवाड़े, वेद प्रकाश मिश्र, नर्वदेश्वर सिंह, रोजगार सहायक किरण चन्द, भाजयुमो नेता शांतनु सिंह चौहान, साहिला बेगम, विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र जायसवाल उपस्थित थे।
सीट बढ़ाने उठी मांग
कार्यक्रम में पहुंचे सुरजपुर एसडीएम जगन्नाथ वर्मा से स्थानीय लोगों द्वारा बच्चों के सीट बढ़ाने की मांग की गई। लोगों का कहना था कि यहां पर सीट कम होने की वजह से कई गरीब बच्चे एडमिशन नहीं ले पाते हैं। ऐसी स्थिति में यहां पर कम से कम 50 की बजाए 80 सीट का निर्धारण कराया जाए, जिससे इस विद्यालय का लाभ प्राप्त करने से वंचित होने वाले गरीब बच्चों को लाभ मिल सके। साथ ही स्थानीय बच्चों को भी विशेष आरक्षण देकर लाभ दिलाया जाए।

Categorized in: