बिश्रामपुर। एसईसीएल आवासीय कालोनियों सहित आसपास के रिहायशी क्षेत्र में पिछले दो महीने में बढ़ी चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कार्यवाही कराए जाने की मांग की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एमआर आहिरे को दिए ज्ञापन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीप्ति स्वाई ने उल्लेख किया है कि बिश्रामपुर एसईसीएल आवासीय कालोनियों सहित आसपास के पंचायत क्षेत्रों में पिछले दो महीने में करीब 20 से अधिक घरों एवं दुकानों का ताला चोरों द्वारा तोड़ा गया है। कई जगह चोरों को कुछ न मिलने पर काफी नुकसान किया गया है। पुलिस द्वारा कुछ मामलों पर अपराध दर्ज किया जाता है और बाकी मामलों पर शिकायत लेकर प्रार्थी को आश्वासन देकर थाने से भेज दिया जाता है। यही वजह है कि इतनी चोरी की घटनाएं होने के बावजूद एफआईआर की संख्या कम है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पुलिस की रात्रि गस्त भी ना के बराबर होने से चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है। जिससे पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान उठ रहे हैं। यही वजह है कि क्षेत्रवासी खुद को असुरक्षित एवं भयभीत महसूस कर रहे है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि इस दिशा में उचित कार्रवाई और अंकुश नहीं लगता है तो भविष्य में क्षेत्रवासी आंदोलन करने हेतु बाध्य होंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आश्वस्त किया गया है कि इस दिशा में उचित पहल की जाएगी।

Categorized in: