सुबह सफाई करने पहुंची महिला सफाईकर्मी ने ब्रांच मैनेजर को दी सूचना, सीएसपी, कोतवाली पुलिस द्वारा स्नेफर डॉग की मदद से की जा रहीं जांच
अंबिकापुर. लॉकडाउन के बीच शहर के दर्रीपारा स्थित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय परिसर के सेंट्रल बैंक में मंगलवार की रात चोरों ने सेंधमारी की। उन्होंने लॉकर तोडऩे का काफी प्रयास किया लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। वे अपने साथ लैपटॉप, प्रिंटर समेत अन्य सामान ले गए। सुबह सफाई करने पहुंची महिला कर्मचारी ने इसकी सूचना मैनेजर को दी तो सभी वहां पहुंचे। सूचना पर सीएसपी, कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। चोरों का सुराग लगाने स्नेफर डॉग का भी सहारा लिया गया।
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन दर्रीपारा में स्थित है। विश्वविद्यालय परिसर में ही सेंट्रल बैंक की शाखा संचालित है। मंगलवार की शाम करीब 6 बजे बैंक के सभी कर्मचारी काम खत्म कर घर चले गए थे। बुधवार की सुबह महिला सफाई कर्मचारी क्रिस्टिना पहुंची तो देखा कि बैंक की पीछे की दीवार में छेद है। यह देख उसने तत्काल इसकी सूचना ब्रांच मैनेजर सुशील केरकेट्टा को दी। सूचना मिलते ही मैनेजर समेत अन्य कर्मचारी बैंक पहुंचे। वहीं सूचना मिलते ही सीएसपी एसएस पैंकरा व कोतवाली टीआई विलियम टोप्पो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लॉकडाउन के बीच चोरों द्वारा वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी गई है।

लॉकर नहीं तोड़ पाए
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बैंक की पीछे की दीवार में चोरों ने सेंधमारी कर भीतर प्रवेश किया है। उन्होंने बैंक का लॉकर तोडऩे का भी प्रयास किया, लेकिन इसमें वे सफल नहीं हो पाए। चोर अपने साथ लैपटॉप, प्रिंटर, बायोमेट्रिक मशीन ले गए हैं।

स्नेफर डॉग की ली गई मदद
पुलिस द्वारा मौके पर स्नेफर डॉग की टीम भी बुलाई गई। स्नेफर डॉग को सामान सुंघाया गया तो वह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास स्थित क्लब ग्राउंड में जाकर भटक गया। वहीं चोरों का सुराग लगाने पुलिस बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है।

Categorized in: